इटावा में किशोरी को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या, जंगल में मिला शव Etawah News
तीन दिन पहले मां के साथ खेत से लौटते समय थोड़ा फासला होने पर युवकों ने मुंह दबाकर खींच लिया था।
इटावा, जेएनएन। तीन दिन पहले मां के साथ शाम को घर लौट रही किशोरी को अगवा करके गला घोटकर हत्या कर दी गई। एक आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने रविवार देर शाम जंगल से शव बरामद किया तो कपड़े अस्त-व्यस्त देख परिवारीजन ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है। घटना को लेकर क्षेत्रीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश है।
सहसों थाना क्षेत्र के गांव निवासी 14 वर्षीय किशोरी अपनी मां के साथ खेत से मजदूरी कर शुक्रवार शाम पांच बजे घर आ रही थी। इसी दौरान मां-पुत्री के बीच कुछ फासला हो गया। इस बीच कुछ लोगों ने किशोरी का अपहरण कर लिया। इसकी मां को भनक तक नहीं लगी। जब वह कुछ आगे पहुंचीं तो पुत्री की चप्पल, टिफिन व अन्य सामान रास्ते में पड़ा देख मां के होश उड़ गए। उन्होंने घर पहुंचकर परिवारीजन को घटना की जानकारी दी। काफी तलाश के बाद भी कुछ पता न चलने पर परिवारीजन ने पुलिस को सूचना दी। पिता की शिकायत व शक के आधार पर पुलिस ने गांव के कई युवकों को पकड़ा।
तीन दिन तक उनसे पूछताछ के बाद एक आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से किशोरी का शव ढूंढ़ लिया। मौके पर फॉरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम बुलाकर साक्ष्य संकलित किए गए। वहां किशोरी के कपड़े अस्त-व्यस्त देख पिता ने सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई औैर घटना में पांच-छह लोगों के शामिल होने की बात कही। एसएसपी संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि आरोपित नीरज की निशानदेही पर किशोरी का शव जंगल में मिला है। उसके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।