मेरी भैंस को डंडा क्यों मारा...! हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़े किशोर का हाईवोल्टेज ड्रामा
सजेती थाना क्षेत्र के गांव दलिहर में घटना की जानकारी पर आसपास के गांवों से लोग पहुंच गए।
कानपुर, जेएनएन। सजेती थाना क्षेत्र के मोहटा गांव का रहने वाला एक किशोर बुधवार को पड़ोस के गांव दहिलर में निर्माणाधीन हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। आसपास के गांव से लोगों की भीड़ आ गई और करीब दो घंटे तक उसका हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। पुलिस और घर वालों के काफी समझाने के बाद वह टावर से नीचे उतरा।
महोटा गांव में ज्ञान सिंह आैर कमलेश का परिवार रहता है। ज्ञान सिंह की भैंस सोमवार की सुबह कमलेश के दरवाजे पर पहुंच गई थी। इसपर कमलेश के 13 वर्षीय पुत्र सौरभ ने भैंस को डंडा मारकर खदेड़ दिया था। इससे नाराज ज्ञान सिंह ने घरवालों के साथ मिलकर ने कमलेश के 17 वर्षीय पुत्र मानसिंह की डंडों से पिटाई कर दी थी। थाने में शिकायत के बाद दोनों पक्षों के बीच लिखित समझौता हो गया था।
मंगलवार शाम ज्ञान सिंह की बकरी मानसिंह के दरवाजे पर पहुंच गई। इसपर मानसिहं ने विरोध जताया तो ज्ञान सिंह पक्ष ने उसे बुर भला कहते हुए डपट दिया। भैंस को डंडा मारने के मामले में समझौता को लेकर गुस्साया मान सिंह सुबह घर से निकल गया। वह पड़ोसी गांव दहिलर पहुंचा और निर्माणाधीन हाईटेंशन लाइन के टावर के ऊपर चढ़ गया। कुछ देर में गांव के लोगों की नजर टावर पर चढ़े मान सिंह पर पड़ी तो अफरा तफरी मच गई।
मान सिंह के टावर पर चढ़ने की जानकारी होते ही महोटा गांव और दलिहर गांव के लोग पहुंच गए और उससे नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे। एक घंटे बाद सूचना सजेती थाना पुलिस आ गई। पुलिस कर्मी भी उसे नीचे उतरने के लिए समझाते रहे। करीब दो घंटे बाद मान सिंह दोषियों पर कार्रवाई के आश्वासन पर टावर से नीचे उतर आया। थानाध्यक्ष अमित मिश्र ने बताया कि मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर मान सिंह को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया था। अस्पताल से सप्लीमेंटरी रिपोर्ट मिलते ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।