नागरिकता संशोधन कानून पर भ्रम फैला रही हैं विपक्षी पार्टियां : स्वतंत्र देव Kanpur News
बिल्हौर के अरौल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा पार्टी को आगे ले जाने के लिए जी जान से जुट जाएं।
कानपुर, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर विपक्षी पार्टियां भ्रम फैला रही हैं, जबकि ये कानून देशवासियों के हित के लिए बनाया गया है। यह बात भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कही। वह रविवार को बिल्हौर के अरौल स्थित गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
मकनपुर की दरगाह में चादर भी चढ़ाई
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ता अधिक से अधिक लोगों से संपर्क कर पार्टी को वृहद रूप में स्थापित करने में सहयोग करें । माननीय अटल जी ने अपने खून पसीने से सींच कर पार्टी को यहां तक पहुंचाया और अब पीएम मोदी जी भी पार्टी को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। हम लोग भी पार्टी को आगे ले जाने के लिए जी जान से जुट जाएं।
उन्होंने कहा, भविष्य में प्रवासी कार्यकर्ता सेक्टर स्तर पर बूथ अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे और उसकी विस्तृत रिपोर्ट प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रस्तुत करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर उनके निदान का भरोसा दिलाया। उन्होंने मकनपुर स्थित मदार साहब की दरगाह पर चादर भी चढ़ाई। इस मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह, विधायक भगवती प्रसाद सागर, कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष कृष्ण मुरारी शुक्ला, प्रदेश मंत्री देवेश गोरी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील कटियार, कौशल किशोर अवस्थी मौजूद रहे।