फर्रुखाबाद: मामा के घर आए ट्रक चालक का शव सड़क पर मिला, प्रेम संबध में हत्या किए जाने का शक
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव हथियापुर के निकट गांव रसीदपुर मार्ग पर सुबह आजम खां के बाग के सामने सड़क पर जनपद कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गांव महोई निवासी 36 वर्षीय नीरज जाटव का शव पड़ा मिला। उसकी शर्ट अलग पड़ी थी।
फर्रुखाबाद, जागरण संवाददाता। मामा के घर आए ट्रक चालक का शव गुरुवार सुबह गांव से कुछ दूरी पर सड़क पर पड़ा मिला। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। स्वजन ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया। वहीं, पुलिस को प्रेम संबधों में ट्रक चालक की हत्या किए जाने का शक है।
थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के गांव हथियापुर के निकट गांव रसीदपुर मार्ग पर सुबह आजम खां के बाग के सामने सड़क पर जनपद कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र के गांव महोई निवासी 36 वर्षीय नीरज जाटव का शव पड़ा मिला। उसकी शर्ट अलग पड़ी थी। नीरज की मामी तारावती कुछ दूरी पर स्थित गांव रशीदपुर में रहती है। मामा रामदास की मौत हो चुकी है। तारावती की विवाहित पुत्री रेशमा भी अपने पुत्र मनीष व पुत्री विद्या के साथ मायके में ही रह रही है। कुछ देर बाद रेशमा मौके पर आई और बताया कि नीरज उसकी बुआ का पुत्र है। नीरज अपने गांव के ही रामकिशोर मिश्रा का ट्रक चलाता है, लेकिन कुछ दिनों से छुट्टी पर था। रेशमा ने बताया कि नीरज बुधवार शाम चार बजे समधन निवासी अपने बहनोई रामकुमार के साथ बाइक से उसके घर आया था। कुछ देर रुककर लौट गया। नीरज रात करीब आठ बजे शराब पीकर फिर उसके घर आया। कुछ देर बाद वह जाने की जिद करने लगा। रात होने के कारण उसने मना किया तो वह छत पर चढ़कर पीछे सुनीता के मकान में कूदा और उनके दरवाजे की कुंडी खोलकर भाग गया। रेशमा का बहनोई गांव सधारी नगला निवासी आनंद भी उसके घर पर था। थानाध्यक्ष अमोद कुमार सिंह ने घटनास्थल पर जांच की। फारेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाये। पुलिस पूछताछ के लिए रेशमा, रामकुमार, आनंद के अलावा नीरज के चचेरे भाई मोरपाल उर्फ अट्टू को थाने बुला ले गई। मृतक नीरज की पत्नी की मौत 12 साल पहले हो चुकी है। उसके परिवार में 16 वर्षीय पुत्री मुस्कान के अलावा बड़े भाई समरपाल व गौतम हैं। समरपाल व गौतम ने भाई नीरज की हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मौके पर पुलिस लाइन से डाग स्क्वाड भी बुलाया गया। वह गांव के तिराहा पर जाकर भ्रमित हो गया।
घटना के पीछे प्रेम संबंधों का शक
ट्रक चालक नीरज के साथ दिन में रशीदपुर आए उसके बहनोई रामकुमार ने पुलिस को बताया कि नीरज ममेरी बहन रेशमा के घर अक्सर आता जाता था। वह करवा चौथ पर भी यहां आया था। रेशमा ने भी नीरज के करवा चौथ वाले दिन यहां आने और रात में रुकने की पुष्टि की। रामकुमार ने बताया कि वह बुधवार को अपनी ससुराल गया था। नीरज ने उससे रशीदपुर छोड़ने के लिए कहा। वह बाइक कम चला पाते हैं, इस कारण नीरज के चचेरे भाई मोरपाल उर्फ अट्टू को भी साथ ले आया था। अट्टू गांव हथियापुर में रुक गया था। वह नीरज को लेकर रशीदपुर आया था। वहां कुछ देर बाद नीरज उसके साथ हथियापुर तक आया, लेकिन बाद में वह मोरपाल के साथ लौट गया। सुबह नीरज का शव मिलने की जानकारी फोन पर रेशमा ने दी। रेशमा ने अपने पति राजू से संबंध काफी साल पहले खत्म कर दिए थे। इसलिए माना जा रहा है कि यदि हत्या हुई है तो प्रेम संबंधों के कारण हुई है।