ओम प्रकाश राजभर बोले- मुख्तार मुसलमान, इसलिए सब उठा रहे अंगुली, अपने दामन में भी झांकें पार्टियां
इटावा की जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ताखा में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अधिकार सम्मेलन आयोजित किया गया । पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने भाजपा के साथ विरोधी दलों पर हमला करते हुए भी निशाना साधा।
इटावा, जेएनएन। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने शनिवार को यहां भाजपा पर हमला बोला और विरोधी दलों पर भी निशाना साधा। उन्होंने मुख्तार अंसारी की पैरवी करते हुए मुसलमान होने के कारण अंगुली उठाए जाने की बात कही और सभी पार्टियों को अपने दामन में झांकने तक की नसीहत तक दे डाली।
जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र के ताखा में आयोजित सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी अधिकार सम्मेलन में उन्होंने कहा, प्रदेश में लूट मची है। उन्होंने जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी का बचाव करते हुए कहा कि संसद में भी आधे से अधिक अपराधी हैं। मुख्तार अंसारी मुसलमान है, इसीलिए सब लोग उस पर अंगुली उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसपा, कांग्रेस, भाजपा अपने दामन में झांक कर देखें। बसपा प्रमुख पवन पांडेय को टिकट देने की बात कह रही है, क्या वह अपराधी नहीं है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लूट मची हुई है। सभी पार्टियां प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन करने में लगी हुई हैं, इसीलिए हमारा दल पिछड़ों को जगाने का काम कर रहा है। सम्मेलन में युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रमाकांत कश्यप, जिलाध्यक्ष पृथ्वीराज कश्यप, लक्ष्मीकांत कश्यप, रजनीश कश्यप, मलखान कश्यप, संदीप वर्मा, प्रेमचंद कश्यप, अजय यादव, विनोद राजपूत मौजूद रहे।