आज की हड़ताल में शामिल नहीं होगा स्टेट बैंक, खुली रहेंगी सभी शाखाएं Kanpur News
एसबीआइ के ग्राहकों को नहीं होगी परेशानी अधिकारियों ने अलग रहने का किया फैसला।
कानपुर, जेएनएन। बुधवार को राष्ट्रीय स्तर की हड़ताल में बैंकों के बंद होने से परेशान होने की बहुत जरूरत नहीं है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारियों व कर्मचारियों ने इस हड़ताल से खुद को अलग रखा है। स्टेट बैंक की शाखाएं तय समय पर खुलेंगी। दूसरी ओर हड़ताल के समर्थन में बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों ने मंगलवार को सभा करने के साथ ही प्रदर्शन किया।
नेशनल कंफेडरेशन ऑफ बैंक इंप्लाइज भी शामिल नहीं
आठ जनवरी की हड़ताल में ज्यादातर बैंक संगठन शामिल हैं लेकिन नेशनल कंफेडरेशन ऑफ बैंक इंप्लाइज, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टॉफ एसोसिएशन शामिल नहीं हैं। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया स्टॉफ एसोसिएशन के रीजनल सेक्रेटरी दीप शुक्ला के मुताबिक उनका संगठन हड़ताल में शामिल नहीं है और स्टेट बैंक की शाखाएं खुलेंगी। इसके साथ ही नेशनल कंफेडरेशन ऑफ बैंक इंप्लाइज के सचिव राजेंद्र अवस्थी ने बताया कि उनका संगठन हड़ताल में नहीं शामिल है। जिन बैंकों में ये संगठन है वहां काम होगा। उन्होंने कहा कि उनका संगठन पूरी तरह से गैर राजनीतिक है। इसलिए ऐसे किसी आंदोलन में शामिल नहीं होंगे, जिसमें राजनीतिक दल जुड़े हों। इस बारे में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के उप महाप्रबंधक दिव्यांशु रंजन ने कहा कि बैंक की सभी शाखाएं खुलेंगी और रोज की तरह कार्य होगा।
यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन ने हड़ताल के समर्थन में किया प्रदर्शन
जहां एक ओर स्टेट बैंक ने हड़ताल से खुद को अलग रखा है वहीं यूपी बैंक इंप्लाइज यूनियन ने बड़ा चौराहा स्थित इलाहाबाद बैंक में हड़ताल के समर्थन में सभा की। सचिव रजनीश गुप्ता ने कहा कि देश में कर्मचारियों की नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है। सुधीर सोनकर ने कहा कि एनपीए वसूली के कारगर नियम बनने चाहिए। अध्यक्ष मनोज तिवारी, संयुक्त मंत्री संजय त्रिवेदी, दिनेश कुमार, अनुराग शुक्ला, संदीप सक्सेना, पीएन सिंह आदि रहे। रिजर्व बैंक में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया इंप्लाइज एसोसिएशन और रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया वर्कर्स यूनियन ने भोजन अवकाश में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान भर्ती शुरू करने, वेतन समझौता वार्ता शुरू करने की मांग की गई। वासुदेव सिंह, सीपी सिंह, रमेश चंद्र, सतीश त्रिवेदी, नागेश, कीरत सिंह, महीप सक्सेना आदि मौजूद रहे।