क्राइम सीरियल देख दीवार पर लिखा खराब हैं इंसानी जीवन, फिर खुद को मारी गोली Fatehpur News
फतेहपुर में प्रधानाचार्य के बेटे ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी।
फतेहपुर, जेएनएन। शहर में एएस इंटर कालेज प्रधानाचार्य के बेटे ने रविवार दोपहर लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर जान दे दी। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पुलिस की जांच में सामने आया कि वह क्राइम सीरियल देखकर दीवार पर खराब है इंसानी जीवन जैसी इबारत लिखता था। इस घटना के बाद से मोहल्ले के लोग भी सन्न हैं और उसके जान देने की वजह को लेकर चर्चाएं कर रहे हैं।
कटरा अब्दुलगनी जोशियाना मोहल्ला निवासी प्रधानाचार्य शिवपाल सिंह व उनकी पत्नी सीमा सिंह रविवार की दोपहर मकान की तीसरी मंजिल पर थे। उसी मंजिल में उनका 24 वर्षीय इकलौता बेटा उत्कर्ष कुमार उर्फ वरत सिंह अपने कमरे में था और दरवाजा अंदर से बंद था। दोपहर करीब सवा एक बजे कमरे से गोली चलने की आवाज आई तो परिजन दहशत में आ गए। दरवाजे से खून का रिसाव देखकर घबरा गए और पुलिस को सूचना दी। शहर कोतवाल जितेंद्र कुमार सिंह व बाकरगंज चौकी इंचार्ज विपिन यादव ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तोड़ा। कमरा खुलते ही बेटे को रक्तरंजित शव देखकर मां व पिता सदमे में आ गए।
मां सीमा सिंह ने पुलिस को बताया कि बेटा बीए उत्तीर्ण था और बीते करीब बीस पच्चीस दिन से वह गुमसुम सा रहता था। वह कमरे में हमेशा टीवी पर क्राइम सीरियल ही देखा करता था। उसने कमरे की दीवार पर इंसान किन्नर है, इंसानी जीवन खराब है...जैसी इबारत लिख दी थी। पूछने पर उसने कहा था कि मां इंसानी जीवन ही खराब है। वहीं युवक की मौत के बाद मोहल्ले के लोग भी सन्न रह गए। फोरेसिंक टीम ने कमरे से साक्ष्य संकलित किए, वहीं पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की है। थाना प्रभारी ने बताया कि पड़ताल के बाद ही वजह स्पष्ट हो सकेगी।