कैंट क्षेत्र में अराजक तत्वों ने प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली होर्डिंग्स फाड़ीं
घटना की जानकार होते ही डीएम ने नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी को जांच के आदेश दिए।
कानपुर, जेएनएन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कानपुर आगमन पर स्वागत के लिए कई जगह होर्डिंग्स लगाई गई हैं। कैंट थाना क्षेत्र के छबीलेपुरवा में अराजक तत्वों ने शुक्रवार रात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर वाली पांच होर्डिंग्स फाड़ दीं। स्थानीय भाजपा नेता सुमित तिवारी ने फटी होर्डिंग देखकर भाजपा जिलाध्यक्ष व पुलिस की इसकी सूचना दी। सूचना पर भाजपाइयों की भीड़ जुटने लगी तो पुलिस प्रशासन हरकत में आया। घटना की जानकारी होने पर डीएम विजय विश्वास पंत ने नगर आयुक्त अक्षय त्रिपाठी को जांच के आदेश दिए। उन्होंने मौके पर पहुंचकर वीडियोग्र्राफी कराकर जांच शुरू की।
वही शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई थानों का फोर्स मौके पहुंचा। आशंका जताई जा रही है कि नागरिकता संशोधन बिल के विरोध में इस घटना को अंजाम दिया गया है। घटना के बाद पुलिस मामले को हल्का करने में जुट गई। कैंट थाना प्रभारी आदेश चंद्र का कहना है कि होर्डिंग्स किसी ने फाड़ी नहीं हैं। तेज हवा की वजह से फट गई हैं।