अधूरी मतदाता सूची देने पर झड़प, पहले दिन हुए 16 नामांकन
उद्योग व्यापार मंडल चुनाव में जमा होने लगे नामांकन फार्म,अध्यक्ष पद पर चार व्यापारी नेताओं ने आवेदन किए।
जागरण संवाददाता, कानपुर : कानपुर उद्योग व्यापार मंडल में नामांकन फार्म दाखिल होने शुरू भी हो गए हैं लेकिन अभी तक मतदाता सूची अधूरी है। बुधवार को नामांकन कराने वाले प्रत्याशियों को अधूरी मतदाता सूची दे दी गई। कुछ व्यापारी नेताओं को इसकी जानकारी हुई तो उनकी सहायक चुनाव अधिकारी से झड़प हुई। पहले दिन 16 नामांकन दाखिल किए गए।
व्यापार मंडल के तीन वर्षीय चुनाव में बुधवार को नामांकन फार्म जमा होने शुरू हुए। शाम को कलक्टरगंज व्यापार मंडल के अध्यक्ष आशीष मिश्रा व अन्य व्यापारियों ने मतदाता सूची में कई गलतियां पकड़ीं। मतदाता सूची में एक पेज ही गायब था। इस पर उन्होंने सहायक चुनाव अधिकारी सीपी सोमानी से आपत्ति की। सहायक चुनाव अधिकारी ने कहा कि फोटोकापी के दौरान पेज गायब हो गया है, उसे लगा दिया जाएगा। व्यापारी नेताओं का कहना था कि चुनाव अधिकारियों को मतदाता सूची को पूरी तरह ठीक करने के बाद ही प्रत्याशियों को देना चाहिए था। पहले दिन जिन लोगों ने नामांकन कराया उन्हें तो अधूरी सूची ही पकड़ा दी गई। इस पर सहायक चुनाव अधिकारी ने अध्यक्ष और महामंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि वे लोग अब तक एक बार भी चुनाव कार्यालय नहीं आए। आखिर किस तरह वह सारा काम निपटाते। पहले दिन अध्यक्ष पद के लिए शेष नारायण त्रिवेदी, निर्मल त्रिपाठी, मो. असलम, उमेश अग्रवाल ने नामांकन कराया। निर्मल त्रिपाठी ने महामंत्री के लिए भी पर्चा भरा। उपाध्यक्ष पद के लिए कृपाशकर त्रिवेदी, पुरुषोत्तम गुप्ता, मोहन लाल शुक्ला, अरुण अग्रवाल, शेषनारायण त्रिवेदी, धीरेंद्र गुप्ता ने नामांकन कराया। विजय गुप्ता ने वरिष्ठ मंत्री, विवेक वर्मा, प्रवीण गुप्ता, सतीश तिवारी ने मंत्री, निखिल गुप्ता ने संगठन मंत्री पद पर नामांकन कराया। व्यापार मंडल के एक पदाधिकारी के पिता का निधन होने की वजह से बीच में व्यवधान पड़ा जिसकी वजह से एक घंटे नामांकन का समय बढ़ा दिया गया।