Sukhwinder Singh का सूफी एलबम करेगा प्रकृति की खुशबू से सराबोर, इन फिल्मों में सुनाई देगी आवाज
जल्द ही सुखविंदर का रीमिक्स एलबम भी श्रोताओं के सामने आने वाला है।
कानपुर, जेएनएन। छैया छैया, जुगनी जुगनी, लगन लगी, लाई वी न गई व जय हो गीतों से श्रोताओं के दिल पर राज करने वाले पाश्र्व गायक सुखविंदर सिंह जल्द ही अपने चाहने वालों के लिए प्रकृति की खुशबू से सराबोर एल्बम लेकर आ रहे हैं। जनवरी में उनका सूफी एल्बम 'रूबरू' रिलीज होने जा रहा है। सूफी गायिकी से सराबोर इस एल्बम में उन्होंने प्रकृति की सुंदरता का वर्णन किया है। एक कार्यक्रम में शहर आए पाश्र्व गायक सुखविंदर ने बताया कि जल्द ही उनका एक रीमिक्स भी श्रोताओं के सामने आएगा।
समय के साथ आया गीतों में बदलाव
सुखविंदर ने बताया कि इस रीमिक्स एल्बम की खासियत यह होगी कि दूसरे रीमिक्स से यह पूरी तरह अलग होगा। वह अपनी गायकी का पूरा अनुभव निचोड़कर इसे तैयार कर रहे हैं। जल्द ही तन्हाजी, शमशेरा, आधारकार्ड व जज्बा फिल्म में श्रोता उनकी आवाज सुन सकेंगे। उन्होंने कहा कि समय के साथ गीतों में बदलाव आया है लेकिन वह संगीत को उसी तरह प्यार करते हैं जैसे शुरुआती दिनों में किया करते थे। अपनी आवाज को बरकरार रखने के लिए रियाज को नियमित समय देता है।
संगीत की गहराई में उतरे उभरते गायक
उभरते गायकों के लिए भी उनका यही संदेश है कि बिना रियाज के गायकी नहीं आती। जब तक आप संगीत की गहराइयों में नहीं उतरेंगे आपकी आवाज में सुर व वजन नहीं आएगा। जमाना रैप, हिपहॉप व पॉप का जरूर है लेकिन आज भी संगीत दिल में वही उतरता है जो सुरीला होता है।