विधानसभा में अखिलेश और केशव के बीच बहस को लेकर शिवपाल बोले- उत्तेजना में बिगड़ती है बात
उन्नाव में जिला जेल में प्रसपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष और जगतनगर बांगरमऊ की प्रधान अलवी मिश्रा से मिलने के लिए शिवपाल सिंह यादव आए थे। उन्होंने फिलहाल भाजपा में जाने के सवाल पर कहा अभी इरादा नहीं है।
उन्नाव, जागरण संवाददाता। इटावा के जसवंतनगर से विधायक और प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने विधानसभा में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के बीच बहस को लेकर कहा कि अक्सर उत्तेजना में बात बिगड़ जाती है। सदन में संसदीय भाषा का प्रयोग होना चाहिए। यदि इस तरह की बातें नेता सदन और विपक्ष के नेता के बीच होती हैं, तो उन्हें संभालने की जिम्मेदारी सदन के अध्यक्ष की हैं। वो जिला जेल में दहेज उत्पीड़न के मामले में निरुद्ध प्रसपा महिला सभा की जिलाध्यक्ष और जगतनगर बांगरमऊ की प्रधान अलवी मिश्रा से मिलने के लिए पहुंचे थे।
पत्रकारों से वार्ता में शिवपाल ने भाजपा में जाने से इन्कार करते हुए कहा कि अभी ऐसा कुछ नहीं है। नेता सदन द्वारा उनकी तारीफ करने के सवाल पर कहा कि कुछ अच्छाइयां होंगी तभी कर रहे होंगे। देवबंद के मौलाना द्वारा सिविल कोड न मानने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की बात तो सभी मानेंगे। माननी चाहिए भी, लेकिन लोग अपनी अपनी राय तो रखेंगे ही। लोकतंत्र में सभी को अधिकार है अपनी बात रखने का। उन्होंने आजम खां के स्वास्थ्य को लेकर कहा कि इलाज के लिए गये हैं। प्रार्थना है कि वो जल्दी स्वस्थ हो जाएं।
जेल में उन्होंने जगतनगर प्रधान के अलावा उप्र कोआपरेटिव बैंक के अध्यक्ष रहे स्व. फतेह बहादुर सिंह के पुत्र पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह से भी मुलाकात की। अशोक सिंह अनुसूचित जाति की युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में अपने छोटे भाई समेत छह लोगों के साथ आरोपित हैं और उनपर गैंगस्टर समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है।