शिवपाल ने कहा, केंद्र व प्रदेश सरकार ने किसानों और युवाओं को किया बर्बाद
प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने साइकिल रैली यात्रियों का स्वागत किया और कोरोना के नाम पर लूट और भ्रष्टाचार होने का आरोप लगाया।
इटावा, जेएनएन। बेरोजगारी के मुद्दे पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) ने केंद्र व प्रदेश सरकार को घेरा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने सरकारों पर युवाओं और किसानों को बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नौकरी देना तो दूर लोगों की नौकरियां लेने की बात की जा रही है बल्कि कोरोना काल में लाखों लोगों की नौकरियां चली गई हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि ऊपर बैठे लोगों के इशारे पर कोरोना के नाम पर बजट में भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और लूट हो रही है। बड़े उद्योग घरानों की कठपुतली बनकर सरकार देश को निजीकरण की आड़ में बेच रही है। दूसरी ओर धरातल पर भ्रष्टाचार में लिप्त पुलिस व विद्युत विभाग गरीब जनता को फर्जी केस में फंसाने व छापेमारी का भय दिखाकर लूटने में लगा है। किसानों का भी हाल बेहाल है।
लखनऊ से नई दिल्ली जा रही प्रसपा की साइकिल संदेश यात्रा शिवपाल के गृह क्षेत्र जसवंतनगर के हाईवे बस स्टैंड चौराहे पर पहुंची। उन्होंने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ रैली का नेतृत्व कर रहे प्रो.अवध प्रताप ओझा सहित साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। उन्होंने पार्टीजन से अपील की कि जनता को लूटने वाले अधिकारियों की सूची तैयार करें, समय आने पर ब्याज सहित वसूली की जाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की मनमानी व तुगलकी फैसलों से जनता बेहाल है। संविदा जैसे कानून को हरगिज स्वीकार नहीं करेंगे। नौजवानों ने साइकिल संदेश यात्रा से संघर्ष की जो शुरुआत की है, वह कामयाब होगी। प्रसपा की सरकार बनी तो रोजगार अन्यथा बेरोजगारी भत्ता देंगे। पूर्व सांसद रघुराज शाक्य, जिला महासचिव कृष्ण मुरारी गुप्ता, ब्लाक प्रमुख अनुज मोंटी यादव ने भी सरकारों पर प्रहार किए।