भाजपा को चुनाव के समय याद आते हैं भगवान राम और मंदिर : शिवपाल
प्रसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा, अयोध्या में मंदिर निर्माण का फैसला धर्म गुरुओं पर छोड़ देना चाहिए।
कानपुर, जेएनएन। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा है कि भाजपा को चुनाव के वक्त ही भगवान राम और मंदिर की याद आती है, जबकि मंदिर निर्माण के फैसले को धर्म गुरुओं पर छोड़ देना चाहिए। वह नौबस्ता रेसकोर्स मैदान में श्रीयज्ञ सैनी (हलवाई) वैश्य कल्याण परिषद के हलवाई वैश्य व्यापारी महारैली को संबोधित कर रहे थे। शिवपाल सिंह यादव फैंस एसोसिएशन सदस्यों ने गंगापुल पर स्वागत किया।
शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार अपराध रोकने में पूरी तरह से नाकाम रही है। नोटबंदी और जीएसटी की मार सीधा व्यापारी पर पड़ी है। सरकारी की गलत नीतियों से किसान, व्यापारी सभी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि तीन राज्यों के चुनाव में भाजपा अपने झूठे वादों से हारी है। 2019 के लोक सभा चुनाव में परिवर्तन देखने को मिलेगा। उनकी पार्टी के समर्थन की सरकार ही केंद्र का नेतृत्व करेगी।
हनुमान जी को दलित बताए जाने पर शिवपाल ने कहा कि भगवान सभी के हैं, जाति धर्म से उनका कोई लेना-देना नहीं है। कार्यक्रम संयोजक मनोज गुप्ता, पूर्व सांसद रघुराज सिंह शाक्य, नगर अध्यक्ष महताब आलम, डॉ. प्रिया सिंह, धर्मपाल सिंह, हेमलता शुक्ला, आशीष चौबे, अजय त्रिपाठी, दुर्गाशंकर मिश्र, मोहम्मद यूनुस सिद्दकी मौजूद रहे।