कानपुर में बेखौफ हुए लुटेरे, दूसरे दिन फिर चार जगह लुट गई चेन
मंगलवार को मीडिया कर्मी की मां और अध्यापिका से चेन लूट के बाद बुधवार को नौबस्ता चकेरी और कल्याणपुर में चेन लूट से दहशत।
कानपुर, जेएनएन। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाओं से दहशत का आलम बन गया है, लोग अपने घरों में पत्नी, बहनों और माता से सोने की चेन पहनकर घर से बाहर न निकलने की हिदायत देने लगे हैं। मंगलवार को दो जगह चेन लूट की घटनाएं अभी पुलिस के लिए सिर दर्द बनी ही थीं कि बुधवार की सुबह फिर शहर में चार जगह चेन लूट की घटनाओं को अंजाम देकर लुटेरों ने सीधी चुनौती दी है।
बीते मंगलवार को मीडिया कर्मी की मां और अध्यापिका से चेन लूट की घटना के बाद पुलिस लुटेरों की पहचान करने में जुटी थी। चौबीस घंटे भी नहीं बीत पाए कि बुधवार को नौबस्ता, चकेरी और कल्याणपुर में चार जगह महिलाओं की चेन झपटकर बाइक सवार लुटेरे फरार हो गए। दिन दहाड़े लूट की घटनाओं को अंजाम देकर बेखौफ लुटेरे पुलिस को सीधी चुनौती दे रहे हैं लेकिन पुलिस ने घटनाओं से इंकार कर वारदातों पर पर्दा डाल रही है।
नौबस्ता में डॉक्टर की पत्नी को बनाया शिकार
नौबस्ता में बुधवार को बाइक सवार लुटेरों ने के-ब्लाक के अपार्टमेंट में रहने वाले डॉक्टर ओपी गुप्ता की पत्नी कांति गुप्ता को शिकार बनाया। वह अपार्टमेंट से सब्जी खरीदने बाहर निकली थीं तभी मौरंग मंडी चौराहे की ओर से बाइक सवार दो लुटेरे आये और उनकी चेन लूटकर यशोदा नगर बाईपास की ओर भाग निकले। कांति के साथ चार अन्य महिलाएं भी साथ थीं, जो घटना के बाद से दहशतजदा हैं। कंट्रोल रूम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अपार्टमेंट के गार्ड अशोक कुमार से पूछताछ की।
रिटायर एयरफोर्स कर्मी की पत्नी से लूट
चकेरी मंगला विहार में बुधवार को रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी राजेंद्र प्रसाद शुक्ला की पत्नी रमा चेन लूट का शिकार हो गईं। वह सुबह पास की दुकान से दूध लेने गई थीं, उसी समय पल्सर सवार दो लुटेरे पीछे से आये और उनकी चेन लूटकर भागने लगे। रमा ने शोर मचाया तो कुछ लोगों ने पीछा किया लेकिन लुटेरे तेजी से श्यामनगर की ओर भाग निकले। मौके पर पहुंची कोयला नगर चौकी पुलिस की पूछताछ में पीडि़ता ने बताया कि लुटेरे मुंह पर गमछा बांधे हुए थे। चकेरी थाना प्रभारी रणजीत राय ने बताया कि लुटेरों की तलाश कराई जा रही है।
कल्याणपुर में दो जगह वारदात
कल्याणपुर थाना क्षेत्र में भी बुधवार की सुबह दो जगह लूट की घटनाओं को अंजाम देकर लुटेरे भाग निकले। अंबेडकरपुरम निवासी रजत वर्मा नोएडा की कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। उनकी पत्नी रोहिणी परिवार के साथ रहती हैं। बुधवार तड़के रोहिणी मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं। अभी वह इको पार्क के पास पहुंची ही थीं कि पीछे से आए बाइक सवार युवक रुके और उनसे पनकी जाने के लिए रास्ता पूछा। जैसे ही वह रास्ता बताने लगीं तो पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गले में पड़ी चेन तोड़ी ली। रोहिणी ने बताया कि उन्होंने बाइक पकडऩे का प्रयास किया लेकिन लुटेरे धक्का देकर भाग निकले। उन्होंने घटना की जानकारी नोएडा में कार्यरत पति रजत को दी। रजत घर आने पर पुलिस से शिकायत की बात कही। कल्याणपुर के ही आवास विकास संख्या तीन में बुधवार की सुबह शिव मंदिर से पूजा कर घर लौट रही महिला से चेन लूटकर बाइक सवार लुटेरे भाग निकले। दोनों घटनाओं को लेकर पुलिस जानकारी से इंकार कर रही है, तहरीर मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप