पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने खजांचीनाथ के परिवार को बुलाया लखनऊ, सपा कार्यालय में मनाया उसका जन्मदिन
सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव व अनंतपुर के पूर्व प्रधान नीरू सिंह व संजय यादव परिवार को लेकर सपा कार्यालय लखनऊ गए थे। सपा अध्यक्ष ने खजांचीनाथ को उपहार भी दिया। इस दौरान खजांची की मां सर्वेशा बहन प्रीति भाई शिवा धीरेंद्र व गगन भी साथ में थे।
कानपुर देहात, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोमवार को सपा कार्यालय में ही खजांचीनाथ का जन्मदिन मनाया। उन्होंने खजांचीनाथ को उपहार स्वरूप खिलौने में मेट्रो ट्रेन दी और आशीर्वाद स्वरूप नकद राशि दी।
पूर्व सीएम के आदेश पर सपरिवार को लाया गया लखनऊ
सोमवार को अखिलेश यादव ने खजांचीनाथ के परिवार को लखनऊ बुलाया था। यहां से सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव व अनंतपुर के पूर्व प्रधान नीरू सिंह व संजय यादव परिवार को लेकर सपा कार्यालय लखनऊ गए थे। जहां अखिलेश यादव ने केक काटकर जन्मदिन मनाया। उन्होंने खजांचीनाथ को उपहार भी दिया। इस दौरान खजांची की मां सर्वेशा, बहन प्रीति, भाई शिवा, धीरेंद्र व गगन भी साथ में थे। सपा जिलाध्यक्ष प्रमोद यादव ने बताया कि सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर उसके परिवार को लखनऊ लेकर गए थे। अब वापस उसके परिवार को लेकर आ रहे है और उनके घर सकुशल छोड़ेंगे।
ऐसे नाम पड़ा खजांचीनाथ
झींझक सरदारपुरवा निवासी सर्वेशा वर्ष 2016 में नोटबंदी के समय बैंक के बाहर लाइन में लगी थीं। उसी दौरान उसने बच्चे को जन्म दिया था जिसका नाम अखिलेश यादव ने खजांचीनाथ रखा था। इसके बाद उसे मकान व आॢथक सहायता भी सपा की तरफ से दी गई थी। प्रत्येक वर्ष नवंबर माह में सपा उसका जन्मदिन मनाती है।
वर्ष 2018 में नहीं गई थी सर्वेशा
इससे पहले वर्ष 2018 में खजांची के पैतृक गांव सरदारपुर अखिलेश यादव आए थे, लेकिन इस कार्यक्रम में सर्वेशा नहीं पहुंची थी। इसके बाद से अखिलेश उसे प्रतिवर्ष अब लखनऊ में ही बुलाकर जन्मदिन मनाते हैं।