कानपुर में वाहन स्वामियों को बड़ा झटका, 1.60 लाख वाहनों का पंजीकरण निलंबित Kanpur News
15 साल से अधिक समय होने के बाद पुन पंजीकरण नहीं कराने पर आरटीओ विभाग ने कार्रवाई की है।
कानपुर, जेएनएन। शहर में वाहन स्वामियों को बड़ा झटका लगने वाला है। जिले के 1,60,155 वाहनों का पंजीयन निलंबित हो गया है। संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय (आरटीओ) ने शुक्रवार देर शाम कार्रवाई कर दी है, अब वाहन स्वामियों को निलंबन अवधि के छह माह के अंदर अपील करना होगा। देरी होने पर रजिस्ट्रेशन निरस्त हो जाएगा और फिर वाहन चलाने पर सख्त कार्रवाई हो सकती है।
परिवहन विभाग के पास काफी समय से वाहनों के पुन: पंजीयन न कराने की शिकायतें आ रहीं थी। पिछले साल 15 नवंबर को आरटीओ की ओर से समाचार पत्रों में सूचना जारी की गई। कई वाहन स्वामियों को नोटिस भेजा गया लेकिन, कोई फायदा नहीं हुआ। केवल 8669 लोगों ने ही रजिस्ट्रेशन कराया। इसकी सूचना परिवहन मुख्यालय को दी गई, जहां से पंद्रह साल से अधिक समय हो जाने के बाद भी पुन: पंजीकरण न कराने वाले वाहनों के पंजीयन निलंबित करने के निर्देश जारी हुए। पंजीयन निलंबित होने वाले वाहनों में 138046 दोपहिया और 22109 चार पहिया वाहन शामिल हैं।
15 साल पर होता पुन: पंजीयन
वाहनों के 15 साल से अधिक समय होने पर पुन : पंजीयन किया जाता है। उसके लिए आरटीओ के पंजीयन विभाग में कई दस्तावेजों के साथ आवेदन करना पड़ता है।
हवा की गुणवत्ता सुधारने की कवायद
शहर में हवा की गुणवत्ता सुधारने के लिए भी कवायद चल रही है। एनजीटी की ओर से 15 साल से अधिक पुराने वाहनों की निरंतर जांच के लिए आदेश पहले ही जारी हो चुके हैं। एआरटीओ प्रशासन आदित्य त्रिपाठी ने बताया कि जिले के 1,60,155 वाहनों का पंजीयन निलंबित हो गया है। उनके स्वामी छह माह के अंदर अपील कर सकते हैं। ऐसा नहीं करने पर रजिस्ट्रेशन निरस्त हो जाएगा। उस नंबर पर वाहन चलाना अवैध होगा।