इटावा में फौजी के घर पर लाखों की लूट, पड़ोसियों को पता चला तो फैल गई दहशत
आधी रात बदमाश छत से होते हुए घर के अंदर घुस आए और बेटी पर बंदूक तानकर जान से मारने की धमकी दी।
इटावा, जेएनएन। बकेवर थाना क्षेत्र के महेवा कस्बे में आधी रात फौजी के घर पर धावा बोलकर नकाबपोश बदमाशों ने परिवार को बंधक बना लाखों की लूटपाट की। सुबह वारदात की जानकारी होते ही पड़ोसियों में दहशत फैल गई। लोगों ने रात में पुलिस गश्त न होने के आरोप लगाने शुरू कर दिए, वहीं फौजी के घर पर पहुंची पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार से पूछताछ करके छानबीन शुरू की है।
सेना में जम्मू में तैनात रामरतन सिंह का परिवार बकेवर के महेवा कस्बा में बने मकान में रहता है। गुरुवार की शाम खाना खाने के बाद पत्नी-बच्चे समेत परिवार के लोग कमरे में सोने चले गए थे। घर वालों ने बताया कि रात करीब दो बजे आधा दर्जन सशस्त्र बदमाश छत से होते हुए घर में घुस आए। बदमाशों ने रामरतन की 18 वर्षीय पुत्री अंजली पर बंदूक तानकर अलमारी की चाबियां छीन लीं। बदमाश अलमारी से करीब सात लाख कीमत के जेवरों में सोने के तीन हार, छह कंगन, करधनी, चार जंजीर, अंगूठी पायल तथा एक लाख रुपये नकद लूट ले गए। सुबह पड़ोसियों को घटना की जानकारी हुई तो सनसनी फैल गई, वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू की।
अंजनी ने पुलिस को बताया कि सभी बदमाश मुंह को कपड़ा से ढके हुए थे और भाई व मां के कमरे में बंधक बना दिया था। वह तबीयत खराब होने के कारण अंदर हॉल में लेटी हुईं थी। बदमाशों ने शोर मचाने पर गोली मारने की धमकी देकर उसे चुप करा दिया। रामरतन की पत्नी केला देवी ने बताया कि बदमाश सारा जेवरात लूट कर ले गए। सीओ भरथना चंद्रपाल सिंह, थाना प्रभारी रमेश सिंह ने भी घटनास्थल का दौरा किया। इटावा से आया डॉग स्क्वायड घर के आसपास होकर नेशनल हाईवे के बाईपास की तरफ तक गया। ऐसा माना जा रहा है कि बदमाश नेशनल हाईवे की तरफ गए हैं। सीओ ने बताया कि अतिशीघ्र घटना का खुलासा किया जाएगा।