पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे शातिर, 24 घंटे में तीन महिलाओं की चेन लूटीं
नौबस्ता और किदवईनगर में हुई वारदात, लुटेरों का नहीं लगा सुराग
जागरण संवाददाता, कानपुर दक्षिण : बाइक सवार लुटेरों का आतंक शहर में लगातार जारी है। लूट, छिनैती और टप्पेबाजी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पुलिस की गश्त और पिकेट के साथ पीआरवी में तैनात पुलिस कर्मियों की उपस्थित के बाद भी शहर में घटनाएं हो रही हैं। जैसे जैसे दीपावली करीब आ रही है, बाइकर्स गिरोह की वारदातें बढ़ रही हैं। लुटेरों ने शहर के दक्षिणी भाग को घटनाओं के लिए मुफीद मान लिया है। बीते 24 घंटों में लूट की तीन वारदातें हुई। घटनाओं के बाद पुलिस पहले की तरह सीसीटीवी फुटेज खंगालकर बदमाशों की तलाश में जुटी है।
पहली घटना :: यशोदा नगर बी ब्लाक निवासी राजेश तिवारी आबकारी विभाग में लिपिक हैं। उनकी पत्नी अनीता गुरुवार को के-ब्लाक स्थित बच्चों के स्कूल गई थीं। वहां से पैदल वापस आ रही थीं। तभी स्प्लेंडर बाइक सवार लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया और बाइक मोड़कर दुर्गा मंदिर की ओर भाग निकले। अनीता ने बताया कि बाइक चला रहे बदमाश ने नीली और चेन लूटने वाले ने लाल रंग की शर्ट पहनी थी। कंट्रोल रूम की सूचना पर किदवई नगर और नौबस्ता पुलिस पहुंची। दुर्गा मंदिर के पास लगे कैमरे की फुटेज भी खंगाली। इंस्पेक्टर समर बहादुर ने बताया कि लुटेरों की तलाश की जा रही है।
दूसरी घटना : लूट की दूसरी वारदात तेल व कत्था कारोबारी विशाल गुप्ता की पत्नी सोनम गुप्ता के साथ हुई। किदवई नगर के-ब्लाक निवासी सोनम गुप्ता ने बताया कि वह बुधवार को एच-टू ब्लॉक स्थित स्कूल से बेटे को लेकर घर लौट रही थीं। घर से चंद कदम पहले ही बाइक सवार लुटेरों ने चेन लूट ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी सोनम से ली। उसके बाद लुटेरों की तलाश शुरू की।
तीसरी घटना : पनकी बी-ब्लाक निवासी रिटायर्ड केस्कोकर्मी की पत्नी उर्मिला तिवारी ने बताया कि कि बेटी नेहा के जन्मदिन की खरीदारी करने वह नातिन अदिति के साथ रिक्शे से गुमटी जा रही थीं। तभी लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया और चेन लूटकर फरार हो गए। सूचना पर फजलगंज व काकादेव पुलिस ने मामले की जानकारी उर्मिला से ली और आसपास लगे कैमरों की फुटेज देखी। दोनों लुटेरों की फुटेज पुलिस को मिल गई। इंस्पेक्टर राजीव सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर लुटेरों की तलाश की जा रही है।