लड़कियों की फिटनेस के लिए प्रदेश में जल्द खुलेंगे ट्रेनिंग स्कूल
कानपुर आने पर महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने संकेत दिए हैं।
कानपुर, जेएनएन। पुलिस भर्ती की शारीरिक परीक्षा में बड़े पैमाने पर लड़कियों के अनफिट होने को प्रदेश सरकार ने गंभीरता से लिया है। सरकार लड़कियों को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए जल्द ही कई स्थानों पर फिटनेस ट्रेनिंग स्कूल खोलेगी। ऐसे संकेत महिला एवं बाल कल्याण मंत्री रीता बहुगुणा जोशी ने दिए हैं।
शहर में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची महिला एवं बाल कल्याण मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पुलिस भर्ती में बीस प्रतिशत महिलाओं की सीटें आरक्षित हैं, लेकिन दुर्भाग्य से हमारी लड़कियां तय मानक की दौड़ लगाने में ही नाकाम रही। इससे साबित होता है कि लड़कियों में फिटनेस बढ़ाने की जरूरत है। सरकार ने इसे गंभीरता से लिया है और जल्द ही लड़कियों के लिए विभिन्न जिलों में फिटनेस ट्रेनिंग स्कूल खोलने पर विचार हो रहा है। प्रदेश में महिला अपराधों के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ 80 फीसद अपराध में उनके सगे संबंधी या रिश्तेदार शामिल हैं। ऐसी घटनाएं रोकना मुश्किल है। मगर सरकार कानून और पुलिस की मदद से महिला अपराधों में हर संभव कमी लाने के लिए काम कर रही है।
कर मुक्त हों सेनानी परिवार
भूसा टोली में स्वतंत्रता सेनानी हेमवती नंदन बहुगुणा स्मृति समिति द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंची कैबिनेट मंत्री को अखिल भारतीय स्वतंत्रता सेनानी संगठन द्वारा एक ज्ञापन दिया गया। ज्ञापन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को हाउस टैक्स व वाटर टैक्स में छूट देने की मांग की गई। संगठन के प्रवक्ता सत्येंद्र कुमार सिन्हा ने बताया कि भाजपा के घोषणा पत्र में यह वादा किया गया था, जो कि अब तक पूरा नहीं हुआ है।