Lawyers Chunav: वरिष्ठ उपाध्यक्ष समेत चार पदों पर नतीजे घोषित, कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरियन के पद पर कल होगी मतगणना
एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन युद्धवीर सिंह चौहान और मीडिया प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि शनिवार को कोषाध्यक्ष और संयुक्त मंत्री लाइब्रेरी के पदों पर मतगणना सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी के पदों पर भी मतगणना कराने की कोशिश की जाएगी।
कानपुर, जेएनएन। लॉयर्स एसोसिएशन चुनाव में 20 पदों की कार्यकारिणी में शुक्रवार को चार और पदाें पर नतीजे घोषित कर दिए गए। शनिवार को कोषाध्यक्ष और लाइब्रेरी के पदों पर मतगणना होगी।
लॉयर्स एसोसिएशन में शुक्रवार की सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हुई। शाम तक वरिष्ठ अध्यक्ष, कनिष्ठ अध्यक्ष, संयुक्त मंत्री प्रशासन व प्रकाशन के पदों के परिणाम जारी किए गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर अनूप निगम ने 1355 मत पाकर जीत हासिल की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमाकांत मिश्र को 820 मत मिले। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर आलोक पांडेय को निर्वाचित घोषित किया गया। उन्हें 1517 मत मिले। उनके प्रतिद्वंद्वी रवींद्र कुमार निषाद को 968 मत प्राप्त हुए। संयुक्त मंत्री प्रशासन पद पर हिमांशु दीक्षित और रवींद्र भूषण सिंह के बीच कांटे की टक्कर रही। अंतिम दौर में हिमांशु ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की। हिमांशु को 1415 और रवींद्र को 1087 मत प्राप्त हुए। संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर भी कांटे की टक्कर दिखी जो अंतिम चरण की मतगणना तक बनी रही। कर्ण प्रताप सिंह पाल ने 1644 मत पाकर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी अमित कुमार सिंह को 1559 मत प्राप्त हुए। एल्डर्स कमेटी के चेयरमैन युद्धवीर सिंह चौहान और मीडिया प्रभारी अरुण तिवारी ने बताया कि शनिवार को कोषाध्यक्ष और संयुक्त मंत्री लाइब्रेरी के पदों पर मतगणना सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगी। वरिष्ठ और कनिष्ठ कार्यकारिणी के पदों पर भी मतगणना कराने की कोशिश की जाएगी। उक्त दोनों पदों पर यदि मतगणना नहीं हो सकी तो फिर सोमवार को मतों की गिनती होगी।