2019 तक मुख्य सड़क से जुड़ जाएगा हर गांव : रामकृपाल यादव
केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत संचालित योजनाओं पर सरकार सबसे बड़ा बजट खर्च कर रही है। प्रदेश में केंद्र की योजनाओं ने रफ्तार पकड़ी है।
कानपुर (जागरण संवाददाता)। केंद्रीय राज्यमंत्री ग्रामीण विकास रामकृपाल यादव ने दावा दावा किया कि 2019 तक 500 से 1000 आबादी वाला हर गांव मुख्य सड़क से जुड़ जाएगा। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए चल रही योजनाओं की समीक्षा में प्रगति से संतुष्ट नजर आए। हां, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना का सच जरूर उजागर हो गया कि वह अबक शुरू नहीं हो सकी है।
प्रेसवार्ता में केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय के तहत संचालित योजनाओं पर सरकार आजादी के बाद का अब तक का सबसे बड़ा बजट खर्च कर रही है। पिछली सरकार ने तो काम नहीं किया, लेकिन प्रदेश में योगी सरकार बनने के बाद केंद्र की योजनाओं ने रफ्तार पकड़ी। प्रधानमंत्री ने देश में कुल एक करोड़ और उप्र में 12 लाख आवास की घोषणा की थी। आठ लाख आवास बन चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कानपुर नगर में 5814 प्रधानमंत्री आवास का लक्ष्य था, जिसमें से 5644 बन चुके हैं। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना की रफ्तार बहुत तेज है। वृद्धावस्था पेंशन का शत प्रतिशत भुगतान हो रहा है। सभी योजनाएं ठीक चल रही हैं, लेकिन दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना शुरू नहीं हुई। उसका लक्ष्य तक ग्राम्य विकास विभाग अभी तक तय नहीं कर सका है। मनरेगा में लोकपाल की नियुक्ति नहीं हो सकी है। इस संबंध में प्रदेश सरकार से बात की जाएगी।