बारिश ने गिराया पारा, शाम के बाद हुई ठंड
जागरण संवाददाता, कानपुर: शुक्रवार शाम शहर के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने तापमान गिरा दिया।
जागरण संवाददाता, कानपुर: शुक्रवार शाम शहर के कुछ हिस्सों में हुई बारिश ने तापमान गिरा दिया। शाम के बाद से हल्की सी ठंडक का अहसास होने लगे। इससे पहले हवाओं की गति धीमी होने के चलते छायी बदली से दिन का पारा नीचे आया था। वहीं सुबह खिली धूप के बाद छायी बदली से लोगों ने बारिश की आस लगायी। पर सीएसए के मौसम वैज्ञानिकों ने बारिश की संभावना से इनकार किया। कहा कि जब पारे का ग्राफ अचानक बढ़ता है, तो मौसम में तापमान का उतार-चढ़ाव भी देखने को मिलता है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम आर्द्रता 69 फीसद तथा न्यूनतम आर्द्रता 25 फीसद मापी गयी। हवाओं की गति पांच किमी प्रतिघंटा रही। सीएसए के मौसम वैज्ञानिक डॉ.अनिरुद्ध दुबे ने कहा 14 मार्च को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। ऐसा अक्सर देखने में आता है कि जब तापमान अचानक बढ़ता है तो उसके बाद तापमान गिरता भी है।
-------------------------
रोग व कीट लगने की संभावना: मौसम वैज्ञानिक डा.दुबे ने कहा इस तरह के मौसम में दलहनी फसलों खासतौर से चना आदि में रोग व कीट- इल्ली या फलीछेदक लगने की संभावना होती है। इसके लिए किसान पांच किलोग्राम प्रतिबीघा मैलाथियान डस्ट का छिड़काव करें।