दादी इंदिरा और पापा राजीव की राह पर राहुल गांधी, कानपुर से कर सकते हैं चुनावी आगाज
इसके पहले 1977 से 80 के दौरान कानपुर से ही इंदिरा गांधी ने चुनावी आगाज किया था। राजीव गांधी ने भी 1989 में ऐसा किया और इससे पूर्व पंडित जवाहर लाल नेहरू भी ये कर चुके हैं।
कानपुर (जेएनएन)। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी कानपुर से लोकसभा चुनाव का आगाज कर सकते हैं। यह दावा उनसे मुलाकात करने पहुंचे शहर कांग्रेस के अध्यक्ष ने किया है। उन्होंने यह भी बताया कि गंगातट पर आरती कर मां गंगा को स्वच्छ बनाने का संकल्प लेने के प्रस्ताव पर वह खुश नजर आए। शहर कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरूवार को दिल्ली में आल इंडिया कांग्रेस कमेटी कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से दो हिस्सों में मुलाकात की।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई कर रहे शहर अध्यक्ष ने राहुल गांधी से मुलाकात कर कहा कि 1977 से 80 के दौरान कानपुर से ही इंदिरा गांधी ने चुनावी आगाज किया था। राजीव गांधी ने भी 1989 में ऐसा किया और इससे पूर्व पंडित जवाहर लाल नेहरू भी ये कर चुके हैं। यह उदाहरण प्रस्तुत कर शहर अध्यक्ष ने 2019 के लोकसभा चुनाव की शुरुआत के लिए उन्हें कानपुर में रैली करने का आमंत्रण दिया।
जागरण से फोन पर हुई बातचीत में शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि राहुल गांधी यह सुनकर खुश हुए और चुनाव का आगाज कानपुर से करने का ही आश्वासन दिया। दूसरे प्रतिनिधिमंडल ने फ्रंटल संगठनों जैसे यूथ कांग्रेस और छात्र संगठन में चुनाव की बजाय मनोनयन का प्रस्ताव रखा तो राहुल ने इसे आगे देखने की बात कही।
इस अवसर पर कांग्रेस के 60 वर्षो की उपलब्धियां दर्शाती बुकलेट उन्हे भेंट की गई। इस पर राहुल गांधी खुश हुए और उसे बड़े अक्षरों में छपवाने को कहा। मुलाकात करने वालों में केके तिवारी, नौशाद आलम मंसूरी, मो. कासिफ, शादाब आलम, कृपेश त्रिपाठी, संदीप शुक्ल, सैमुअल सिंह, जफर शाकिर, उमंग शुक्ल उपस्थित रहे।