प्रियंका, राहुल और सोनिया का सोशल मीडिया पर मजाक बनाने से कांग्रेसियों में रोष, साइबर सेल कर रही जांच
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की फोटो रामायण के खलनायक किरदारों के साथ जोड़कर वायरल की गई है।
कानपुर, जेएनएन। सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय पार्टियों के शीर्ष नेताओं का मजाक बनाने का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीते दिनों पुलिस ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पर अभद्र टिप्पणी किए जाने पर मुकदमे दर्ज किए हैं, वहीं अब प्रियंका, राहुल और सोनिया गांधी का मजाक बनाते हुए फोटो सोशल मीडिया पर वायरल किए जाने पर कांग्रेसियों ने रोष जताया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने एक भाजपा नेता पर आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर भी दी है, मामले की जांच साइबर सेल कर रही है।
रामायण के खलनायक किरदारों से तुलना
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की तुलना रामायण के खलनायक किरदारों से करने और फोटो वायरल करने का आरोप भाजपा के कार्यकर्ता पर लगाया है। फेसबुक पर राहुल, प्रियंका, सोनिया गांधी और दिग्विजय सिंह का मजाक बनाते हुए फोटो वायरल की गई है। इसे लेकर शहर के कांग्रेस नेताओं ने रोष जताया है।
एसपी पूर्वी से मिले कांग्रेसी
जिलाध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री के मुताबिक शहर के एक भाजपा कार्यकर्ता ने रविवार को धार्मिक उन्माद फैलाने की मंशा से कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया है। कांग्रेस पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल एसपी पूर्वी से मिला और फिर कोतवाली में तहरीर दी। थाना प्रभारी संजीवकांत मिश्र ने बताया कि यह फोटो पहले से वायरल हो रही हैं, साइबर सेल से जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। इस दौरान अभिनव तिवारी, आयुष अग्रवाल आदि पदाधिकारी रहे।