सट्टा किग व साथियों की संपत्ति का ब्योरा तैयार कर रही पुलिस
सट्टा किग सोनू सरदार और उसके साथियों की संपत्ति का ब्योरा पुलिस जुटा रही है।
जासं, कानपुर : सट्टा किग सोनू सरदार और उसके साथियों की संपत्ति का ब्योरा पुलिस जुटा रही है। अब तक आरोपितों के तीन मकान, दो फ्लैट और सात बैंक खातों के बारे में जानकारी मिली है। खाते फ्रीज करा दिए गए हैं। अन्य जानकारी हासिल करने के लिए राजस्व विभाग, केडीए को पत्र भेजा गया है।
आइपीएल मैचों पर सट्टा खिलवा रहे जयपुर निवासी भूपिदर सिंह उर्फ सोनू सरदार और उसके सात साथियों रंजीत सिंह, हरप्रीत सिंह बेदी, ईशान भाटिया, रिशू अरोड़ा, विनोद छाबड़ा व गुरमीत सिंह के खिलाफ फजलगंज पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है। एक बार फिर इनकी तलाश शुरू कर दी गई है। फजलगंज थाना प्रभारी अमित तोमर ने बताया कि गैंगस्टर एक्ट के तहत आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही उनकी अवैध रूप से अर्जित की गई संपत्ति की जानकारी जुटाई जा रही है। सोनू सरदार के कानपुर व जयपुर में फ्लैट व मकान का पता लगा है। अन्य आरोपितों ने भी सट्टे की कमाई से काफी संपत्तियां एकत्र की हैं। जल्द ही इन्हें जब्त कराया जाएगा।