विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 28, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Lockdown के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ने पर कन्नौज आैर इटावा में मुकदमे, 12 से ज्यादा को पकड़ा

By AbhishekEdited By:
Published: Sat, 28 Mar 2020 01:02 PM (IST)

कन्नौज में छह नामजद व 20 अज्ञात पर मुकदमा इटावा में पुलिस को लाठी चलानी पड़ी।

Lockdown के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ने पर कन्नौज आैर इटावा में मुकदमे, 12 से ज्यादा को पकड़ा
Lockdown के बीच मस्जिद में नमाज पढ़ने पर कन्नौज आैर इटावा में मुकदमे, 12 से ज्यादा को पकड़ा

कानपुर, जेएनएन। कोराेना वायरस से बचाव के लिए सरकार द्वारा घोषित लॉकडाउन की जरूरत को देखते हुए धर्म गुरुओं ने भी जुमे की नमाज मस्जिद में न पढ़ने का फतवा जारी किया था और घरों में नमाज अदा करने को कहा था। इसके बावजूद कन्नौज और इटावा की कुछ मस्जिदों में अकीदतमंद नाफरमानी करती हुए नमाज पढ़ने पहुंच गई। कन्नौज में पुलिस ने छह नामजद व बीस लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है, वहीं इटावा में पुलिस ने मस्जिद में नमाज पढ़ते 12 से ज्यादा लोगों को पकड़कर समझाया और न मानने पर लाठियां भी चटकाईं। इसके बाद सभी को पकड़कर थाने ले गए।

पुलिस के मना करने के बावजूद पढ़ी नमाज

कन्नौज में लॉकडाउन काे तोड़ने तथा धारा 144 का उल्लंघन करने पर प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। प्रतिबंध के बावजूद भी मुस्लिम समुदाय के लोगों ने मस्जिद में सामूहिक नमाज पढ़ी। जिला अस्पताल चौकी प्रभारी प्रताप सिंह ने बताया कि मंडी चौकी प्रभारी धीरज कुमार के साथ लॉकडाउन में शांति व्यवस्था के लिए गश्त कर रहे थे। जसौली गांव की गौसिया मस्जिद में कई लोग एकत्र हुए तो वह पहुंचे।

उन्होंने बताया कि कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए सामूहिक रूप से एक जगह एकत्र होने पर मनाही है। मना करने के बाद भी मोहसिन फैय्याद खां मस्जिद से अजान देने लगे। इसके बाद मुतवल्ली अंसार अली, नफीस, मोहम्मद रफीक, जामिद अली, तथा बबलू के पुत्र हाफिज समेत करीब 20 लोगों ने निषेधाज्ञा का उल्लंघन करते हुए नमाज पढ़ी। इसपर छह नामजद और बीस अज्ञात लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

लॉकडाउन तोड़ने वालों पर भांजी लाठियां

इटावा में लॉकडाउन तोड़ने वालों पर शुक्रवार को पुलिस ने लाठियां भांजी। रेलवे रोड पर अरविंद पुल के पास कुछ युवक मस्जिद में नमाज पढ़ने के लिए सड़क पर एकत्रित हो गये थे। सूचना मिलने पर सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र नाथ शुक्ला व सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय, इंस्पेक्टर कोतवाली रमेश सिंह पहुंचे और सभी को पकड़ लिया गया। पुलिस ने लाठियां भांजते हुए एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

सिटी मजिस्ट्रेट सतेंद्र नाथ शुक्ला ने बताया कि लॉकडाउन में जुमे की नमाज के लिए मना किया गया था, इसके बावजूद कुछ युवक एकत्रित हो गये थे, जिनको पकड़ा गया है। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि शुक्रवार को लॉकडाउन का उल्लंघन करने में 18 एफआइआर और 43 लोगों के खिलाफ की गई हैं। तीन दिन में अबतक 83 एफआइआर 180 लोगों के खिलाफ दर्ज की जा चुकी हैं।