पीएम मत्स्य संपदा योजना: मछुआरों के जीवन में आया भरोसे का जाल, 5213 परिवारों को मिला बीमा सुरक्षा कवच
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत कानपुर मंडल के 5213 मत्स्य पालक परिवारों को दुर्घटना बीमा का सुरक्षा कवच मिला ...और पढ़ें

अनहोनी पर मिलेगी पांच लाख रुपये की आर्थिक मदद। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
पीएम मत्स्य संपदा योजना के तहत बीमा सुरक्षा।
कानपुर मंडल के 5213 परिवारों को मिला लाभ।
दुर्घटना में 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता।
जागरण संवाददाता, कानपुर। नदी, तालाब और जल स्रोतों में रोजाना जोखिम उठाकर काम करने वाले मत्स्य पालकों के लिए अब सुरक्षा का मजबूत सहारा उपलब्ध हो गया है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत पूरे मंडल के 5213 मत्स्य पालक परिवारों को दुर्घटना बीमा से जोड़ा गया है। वर्ष 2020 से लगातार संचालित इस योजना ने मत्स्य पालकों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा का भरोसा दिया है। अब किसी अनहोनी की स्थिति में परिवार को पांच लाख रुपये तक की आर्थिक राहत मिल सकेगी।
मत्स्य पालन से जुड़े परिवारों के लिए यह योजना आर्थिक मजबूती का आधार बन रही है। जल स्रोतों में काम करने के दौरान दुर्घटना का खतरा हमेशा बना रहता है। ऐसे में बीमा सुरक्षा मिलने से परिवारों को मुश्किल समय में आर्थिक सहारा मिल रहा है। योजना के माध्यम से सरकार मत्स्य पालन को बढ़ावा देने के साथ ही प्रशिक्षण और अन्य सहायता भी उपलब्ध करा रही है।
बाेले लाभार्थी
मत्स्य पालकों में बढ़ा आत्मविश्वास
बिल्हौर के राढ़ा गांव निवासी गिरिजा शंकर ने बताया कि नदी और तालाब में काम करना हमेशा जोखिम भरा होता है। पहले किसी अनहोनी की चिंता बनी रहती थी, लेकिन अब बीमा सुरक्षा मिलने से परिवार भी निश्चिंत है और काम करने का हौसला बढ़ा है। - गिरिजा शंकर, राढ़ा गांव- बिल्हौर।
पांच लाख रुपये की सुरक्षा ने परिवारों में भरोसा पैदा किया है। वहीं कल्याणपुर ब्लाक के दिलीपपुर सचेंडी निवासी शारदा प्रसाद और घटमापुर के हथेरुआ गांव निवासी मनबोधन कश्यप ने भी योजना को मत्स्य पालकों के लिए राहत भरा कदम बताया। - कमल किशोर, बनना गांव-पतारा बलाक।
मंडल के छह जिलों में पहुंचा योजना का लाभ,कानपुर नगर में सबसे ज्यादा परिवार जुड़े :-
| जनपद | लाभार्थी |
| कानपुर नगर | 1333 |
| कानपुर देहात | 1030 |
| औरैया | 961 |
| फर्रुखाबाद | 650 |
| कन्नौज | 648 |
| इटावा | 591 |
| कुल | 5213 |
योजना के तहत लगातार मत्स्य पालकों और उनके परिवारों को बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। अब तक मंडल के 5213 परिवार इस योजना से जुड़ चुके हैं। अनहोनी की स्थिति में परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है। विभाग का लक्ष्य है कि मंडल के प्रत्येक मत्स्य पालक परिवार तक इस सुरक्षा कवच का लाभ पहुंचाया जाए।
