हवा से धुएं को सोखेंगे पौधे, प्रदूषण से मुक्त होंगे कानपुर के दस चौराहे
कानपुर नगर निगम के अधिकारी कार्ययोजना तैयार करने में जुट गए हैं। शहर के ब्रह्मनगर चौराहे की तर्ज पर अर्बन ट्री और हैंगिंग गार्डन लगाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए सरकार ने 396 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।
कानपुर, जेएनएन। शहर के दस चौराहों को वायु प्रदूषण से मुक्त किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम ब्रह्मनगर की तर्ज पर चौराहों पर अर्बन ट्री (एयर प्यूरी फायर) और हैंगिंग गार्डन लगाएगा। उड़ती धूल और वाहनों के धुएं सोखने वाले पौधे भी लगाने की तैयारी की जा रही है।
प्रदेश सरकार ने शहर में वायु प्रदूषण रोकने के लिए 396 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से 148 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस धन से शहर को वायु प्रदूषण मुक्त कैसे किया जाए, निगम के अधिकारी इसकी कार्ययोजना बनाने में जुटे हैं। नालों के किनारे के कच्चे हिस्से पर टाइल्स लगवाना, बंद फव्वारे शुरू करना और नए फव्वारे लगाने के साथ ही पौधारोपण पर जोर दिया जा रहा है। मुख्य अभियंता एसके सिंह ने भी सभी अधिशाषी अभियंताओं से वायु प्रदूषण रोकने के लिए जोनवार प्रस्ताव मांगे हैं।
ब्रह्मनगर में हुआ सुधार
ब्रह्मनगर में प्रदेश का पहल अर्बन ट्री लगाया गया है। इसमें छह सौ वृक्षों के बराबर ऑक्सीजन देने की क्षमता है। ये दूषित गैस और धुएं को भी सोखता है। इसके अलावा यहां हैंगिंग गार्डन भी है। इससे प्रदूषण कम करने में सफलता मिली है।
इन चौराहों पर होगा काम : नौबस्ता, बड़ा चौराहा, जरीब चौकी, फजलगंज, रामादेवी, कल्याणपुर, विजय नगर, जाजमऊ, परेड, टाटमिल।
यह हुए प्रयास
-गोल चौराहा से कोकाकोला चौराहा तक डिवाइडर पर वायु प्रदूषण सोखने के लिए पौधे लगाए गए।
- जरीब चौकी से भन्नानापुरवा तक पौधारोपण किया जाना प्रस्तावित।
- छह नालों के किनारे कच्चे स्थान पर टाइल्स लगाने का प्रस्ताव तैयार हुआ है।