Move to Jagran APP

सूअर व गंदगी ने छीना हजारों का चैन

शहर के बीच में बसा वार्ड पांच जवाहर नगर भी समस्याओं से अछूता नहीं है। सूअर व गंदगी ने क्षेत्र का चैन छीन लिया है। सूअरों के आतंक के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है।

By JagranEdited By: Published: Mon, 24 Sep 2018 01:29 AM (IST)Updated: Mon, 24 Sep 2018 01:29 AM (IST)
सूअर व गंदगी ने छीना हजारों का चैन
सूअर व गंदगी ने छीना हजारों का चैन

जागरण संवाददाता, कानपुर: शहर के बीच में बसा वार्ड पांच जवाहर नगर भी समस्याओं से अछूता नहीं है। सूअर व गंदगी ने क्षेत्र का चैन छीन लिया है। सूअरों के आतंक के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। जनता में आक्रोश है कि बिना आवारा जानवरों के स्मार्ट सिटी अधूरी है। गंदगी व आवारा जानवरों से निजात मिल जाए तो अपने आप शहर खुबसूरत हो जाएगा।

loksabha election banner

दैनिक जागरण द्वारा बरातशाला गीता पार्क नेहरू नगर में लगाए गए जागरण आपके द्वार के शिविर में सबसे ज्यादा शिकायतें समय पर कूड़ा न उठने और झाड़ू न लगने के कारण नालियां पटी पड़ी है। बिना बारिश के ही क्षेत्र की नालियां पटी रहती है। बारिश में तो क्षेत्र की नालियां, गलियां और सड़कों में पानी भर जाता है।

शिविर में लोगों ने कहा कि सूअरों के कारण बच्चों व बुजुर्गो का सड़क पर निकलना मुश्किल हो जाता है। धमाचौकड़ी मचाते सूअरों के कारण वाहन चालक अक्सर भिड़ जाते है अब तक कई लोग चुटहिल हो चुके है। सूअरों को पकड़ने के लिए अभियान केवल कागज में चलता है। संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है।

रामलीला मैदान बना पार्किग स्थल, कीचड़ में बदला

रामलीला मैदान गीता पार्क नेहरू नगर को लोगों ने कब्जा करके पार्किग स्थल बना दिया है। अगले माह इस पार्क में रामलीला होनी है लेकिन रखरखाव न होने के कारण कीचड़ में बदल गया है। दिनभर आवारा जानवरों का जमावड़ा लगा रहता है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि गंदगी के कारण जीना दूभर हो गया है। रामलीला मंच तक को कब्जेदारों ने नहीं छोड़ा है उस पर भी कब्जा कर रखा है। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि स्वच्छता अभियान की हकीकत अफसरों को देखनी है तो एक बार पार्क का मुआयना कर ले तो दिख जाएगी।

अतिक्रमणकारी लील गए फुटपाथ

अतिक्रमणकारियों ने क्षेत्र के फुटपाथ ही गायब कर दिए है। फुटपाथ पर ही दुकान सजा रखी है। हालत यह है कि कई लोगों ने अपने मकान के बाहर का फुटपाथ किराए पर उठा दिया है।

सड़क पर ही डाल देते कूड़ा

वार्ड में हर घर में दुकानें है। कुछ दुकानों को छोड़कर किसी ने भी डस्टबिन नहीं रखा है। दिनभर का कूड़ा रात में सड़क पर फेंक देते है। अगर कूड़ा डस्टबिन में डाल दिया जाए तो आधी समस्या अपने आप ठीक हो जाएगी।

क्षेत्र का हाल

वार्ड - पांच

आबादी - 60 हजार

मोहल्ला- जवाहर नगर, चन्द्र नगर, द्वारिकापुरी, रामकृष्ण नगर, नेहरू नगर, ब्रह्मनगर, रामबाग, सीसामऊ क्षेत्र का कुछ हिस्सा

विशेषता- सीसामऊ बाजार व जरीब चौकी चौराहा

क्या कहते हैं जिम्मेदार

जनता की आई एक-एक समस्याओं का संबंधित विभागों के अफसरों ने नोट कर लिया है। प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण कराया जाएगा।

- ओम पाल, जोनल स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम

जनता की समस्याओं को अफसरों को दर्ज करा दी है। समय पर समस्याओं का निस्तारण न होने पर जनता के साथ अफसरों से जवाब तलब किया जाएगा। जरूरत पड़ी तो घेराव किया जाएगा।

- रीता पासवान, पार्षद जवाहर नगर

जनता का आवाज

सूअरों के आतंक के कारण लोगों का जीना दूभर हो गया है। क्षेत्र का डाट नाला चोक होने के कारण जरा सी बारिश में पानी भर जाता है।

नीरज श्रीवास्तव

क्षेत्र की नालियों की सफाई न होने के कारण चोक पड़ी है। शिकायतों के बाद भी आज तक निस्तारण नहीं हुआ है। संक्रामक रोग फैलने का खतरा बढ़ गया है।

दिनेश वाजपेयी

नाली साफ हो जाए तो क्षेत्र की आधी समस्या खत्म हो जाए। साथ ही घर-घर से रोज कूड़ा उठाया जाए। सफाई के बाद गंदगी फेंकने वालों पर जुर्माना लगे।

विजय कुमार गुप्ता

क्षेत्र की लाइटें बंद पड़ी है। बुढ़वा मंगल है लेकिन एक भी लाइट ठीक नहीं की गई। जब त्योहार में यह हाल है तो अंदाजा लगा सकते है कि क्षेत्र का क्या हाल होगा।

संजय अग्रवाल

आवारा जानवरों पर लगाम लगायी जाए। पार्क में आवारा जानवरों की धमाचौकड़ी के चलते लोगों का टहलना मुश्किल हो गया है।

कुनाल गौतम

अगले माह से रामलीला शुरू होनी है लेकिन अभी तक पार्क की सफाई नहीं शुरू हुई है। पार्क से लगी गली में लाइट न होने के कारण अंधेरा रहता है।

आशीष राजपूत

जागरण सुझाव

- क्षेत्र में पार्किग की व्यवस्था की जाए ताकि ट्रैफिक की समस्या से निजात मिल सके।

- क्षेत्र में बने सामुदायिक शौचालय का रखरखाव कराया जाए। साथ ही महिलाओं के लिए शौचालय बने।

- पेयजल एटीएम मशीन लगाई जाए ताकि जनता को शुद्ध पीने का पानी मिल सके।

- ब्रिटिश काल की पड़ी सीवर व पेयजल लाइनों को बदला जाए।

- सूअरों के आंतक से क्षेत्रवासियों को निजात दिलाई जाए।

- फुटपाथ को अतिक्रमणकारियों से खाली कराया जाए ताकि राहगीरों को चलने में दिक्कत न हो।

अफसर मौजूद थे

जोनल स्वास्थ्य अफसर ओम पाल, अवर अभियंता मोहम्मद अहमद, अवर अभियंता जलकल सुशील कुमार, राजस्व निरीक्षक कमल सिंह, कर्मचारी किशोर आहूजा, सफाई नायक उत्तम, सहायक पर्यवेक्षक मेवा लाल थे।

यह आयी समस्याएं

नगर निगम - 55

जलकल विभाग -38


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.