राफेल मामले में कांग्रेस के सवालों के जवाब क्यों नहीं दे रही मोदी सरकार : पवन खेड़ा
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा, राफेल केस में केंद्र सरकार ने कोर्ट की अवमानना की है।
कानपुर, जेएनएन। राफेल डील के मामले में कांग्रेस और भाजपा के बीच रस्साकसी का खेल जारी है। शहर आए भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा का कहना है कि राफेल विमान डील मामले में अगर सब कुछ ठीक है तो कांग्रेस के सवालों का मोदी सरकार जवाब क्यों नहीं दे रही है। इतना ही नहीं सरकार ने कोर्ट की भी अवमानना की है।
गुरुवार को कानपुर आए कांग्रेस के प्रवक्ता पवन खेड़ा ने पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा सरकार को राफेल डील मामले में घेरते हुए कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में केंद्र सरकार ने जो हलफनामा दाखिल किया है, उसमें झूठी जानकारी दी गई है। ऐसा करना सुप्रीम कोर्ट की अवमानना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मोदी सरकार से हलफनामा के मामले में छह से सात प्रश्न उठाए हैं लेकिन मोदी सरकार ने अभी तक एक भी प्रश्न का उत्तर नहीं दिया है।
कांग्रेस प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि अंबानी की कंपनी पर 45 हजार करोड़ का ऋण है। इसीलिए प्रधानमंत्री ने रफेल डील करके उन्हें 30 हजार करोड़ का लाभ पहुंचाने की साजि़श की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार में 126 रफेल की डील हुई थी, जिसमें एक विमान की कीमत 526 करोड़ तय थी। मोदी ने इसका 1670 करोड़ रुपये में सौदा किया है। एक प्रश्न के उत्तर में कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि वोटर समझदार हो चुका है। तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद लगभग सामने आ चुका है कि अब लोकसभा में किसकी सरकार बनेगी।