नए साल में कानपुर, लखनऊ और गोरखपुर के चिडिय़ाघर में अफ्रीका से आएगा नया मेहमान
प्राणिउद्यान को देखने को मिलेगा अफ्रीकन जेब्रा। अफ्रीका से तीन जोड़े लाने की तैयारी में अफसर जुट गए हैं।
कानपुर, जेएनएन। नए साल में कानपुर ही नहीं लखनऊ और गोरखपुर के चिडिय़ाघर में नए मेहमानों की आमद होने वाली है। इसके लिए अधिकारियों ने तैयारियां भी शुरू कर दी है। इन तीनों शहरों के प्राणिउद्यान में अफ्रीका से जेब्रा लाने की तैयारी की जा रही है। तीन जोड़ा जेब्रा लाने में प्रत्येक के लिए करीब 33-33 लाख रुपये का खर्चा आएगा। इसकी व्यवस्था के लिए अफसरों ने कवायद शुरू कर दी है।
शहर के प्राणिउद्यान में अभी तक बाड़े में अकेले ऐश्वर्या (मादा जेब्रा) रह रही है। अफ्रीका से एक जोड़ा जेब्रा लाने में करीब 33 लाख रुपये (ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट) खर्चा आएगा। इसके लिए शासन से प्राणिउद्यान प्रशासन को हरी झंडी मिल गई है। हालांकि बजट की व्यवस्था प्रशासनिक अफसरों को करनी होगी। प्राणिउद्यान के निदेशक केके सिंह ने बताया अफ्रीका से तीन जोड़ा जेब्रा आएंगे। इसमें एक जोड़ा लखनऊ व दूसरा गोरखपुर और तीसरा जोड़ा शहर के प्राणिउद्यान में रखा जाएगा। शासन से 99 लाख रुपये में जेब्रा लाने के लिए अंतराष्ट्रीय बिड तय की गई है। उन्होंने बताया कि अगले दो से तीन माह के अंदर दर्शक चिडिय़ाघर में अफ्रीकन जेब्रा देख सकेंगे।
प्रजनन से नई नस्ल होगी तैयार
प्राणिउद्यान के चिकित्सकों ने कहा जेब्रा नया जोड़ा आने के बाद अगर प्रजनन होता है, तो उससे नई नस्ल तैयार होगी। भविष्य में जेब्रा शावक को किसी अन्य प्राणिउद्यान से अदला-बदली के तहत नए वन्यजीव लाए जा सकेंगे।