कानपुर में ढाई करोड़ की लागत से जागेश्वर अस्पताल में लगेगा आक्सीजन प्लांट, मरीजों का इलाज दोबारा होगा संभव
जोनल अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि जागेश्वर अस्पताल परिसर में मुरारी गैस प्लांट के मालिक मुरारी अग्रवाल ने आक्सीजन प्लांट लगाने के लिए प्रस्ताव डीएम को दिया था। इसके बाद से प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है। उन्होंने बताया स्पताल को भी जल्द शुरू किया जा सकता है।
कानपुर, जेएनएन। गोविंद नगर स्थित जागेश्वर अस्पताल परिसर में आक्सीजन प्लांट लगाया जाना है। इसमें करोबारी ढाई करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। इसके बाद इसकी सप्लाई लोगों व अस्पताल में की जाएगी।
जोनल अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि जागेश्वर अस्पताल परिसर में मुरारी गैस प्लांट के मालिक मुरारी अग्रवाल ने आक्सीजन प्लांट लगाने के लिए प्रस्ताव डीएम को दिया था। इसके बाद से प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि जागेश्वर अस्पताल को भी जल्द शुरू किया जा सकता है। प्लांट के लगने से आक्सीजन की एक पाइप जागेश्वर अस्पताल के अंदर भी जाएगी। इससे दक्षिण क्षेत्र के हजारों लोगों को फायदा होगा। उन्होंने बताया कि कुछ पेड़ बाधा बनेंगे, इनको काटने के लिए वन विभाग को पत्र लिखा जाएगा।
मंडलायुक्त और महापौर कर चुकी हैं निरीक्षण: मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर, महापौर प्रमिला पांडेय और तत्कालीन सीएमओ डॉ. अनिल मिश्रा ने जागेश्वर अस्पताल का निरीक्षण किया था। इसके बाद तय हुआ था कि अस्पताल की मरम्मत के बाद इसे जल्द ही चालू किया जाएगा।
अस्पताल चालू होने के बहुत समय से उठ रही है मांग: दक्षिण क्षेत्र के बर्रा विश्वबैंक से पार्षद अर्पित यादव ने अस्पताल को चालू करने के लिए मंडलायुक्त से आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने चेताया था कि अस्पताल चालू हो जाये तो दक्षिण क्षेत्र के लोगों को बहुत लाभ मिलेगा। उन्हें उर्सला या फिर हैलेट जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।