गेट बंद होने पर भी सरसौल क्रॉसिंग से निकलेंगे वाहन, 40 करोड़ से बनेगा ओवरब्रिज
यूपी सेतु निर्माण निगम तैयार कर रहा डीपीआर अगले सप्ताह शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव।
कानपुर, जेएनएन। सरसौल से नर्वल और साढ़ होते हुए जहानाबाद जाने वालों को सरसौल रेलवे क्रॉसिंग पर फंसकर फाटक खुलने का इंतजार नहीं करना होगा। जल्द ही यहां 40 करोड़ रुपये से ओवरब्रिज बनेगा। यूपी सेतु निर्माण निगम इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करा रहा है।
नर्वल में तहसील बनने के बाद सरसौल-नर्वल मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। यहां अक्सर मंडलायुक्त, डीएम आदि अफसर भी आते-जाते हैं। चंूकि सरसौल क्रॉसिंग दिल्ली-हावड़ा रूट पर है, इसीलिए यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग पिछले कई वर्षों से की जा रही थी। सेतु निगम ने सर्वे कराया तो ट्रेन व्हीकल यूनिट डेढ़़ लाख से अधिक पाई गई। ऐसे में यहां टू लेन ओवरब्रिज बनाया जा सकता है। रेलवे भी अपने हिस्से का अंशदान करने के लिए लगभग तैयार है।
पिछले दिनों औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना के निर्देश पर उप्र सेतु निर्माण निगम के अभियंताओं ने ओवरब्रिज निर्माण के लिए सर्वे शुरू किया था। अब डीपीआर तैयार की जा रही है। अगले सप्ताह इसे शासन के पास भेज दिया जाएगा। निगम के महाप्रबंधक राकेश ङ्क्षसह का कहना है कि दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम को अपने पोल शिफ्ट करने होंगे। इस काम में कितनी लागत आएगी इसकी आकलन रिपोर्ट जल्द ही मिल जाएगी।