कानपुर में एक और शहरकाजी की होगी घोषणा, जानिए- किसके नाम पर लग सकती मुहर
देवबंदी और बरेलवी मसलक में पहले से दो-दो शहरकाजी हैं। अब इस सूची में एक और नाम जुड़ जाएगा। शहरकाजी कारी अब्दुल समी के इंतकाल के बाद नए नाम की घोषणा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई थी।
कानपुर, जेएनएन। शहर काजियों की सूची में एक और नाम शामिल होने जा रहा है। रविवार को तंजीम उलमा अहले सुन्नत, मौलाना मुश्ताक अहमद मुशाहिदी के शहरकाजी होने की घोषणा करेगी। इसके लिए हलीम कॉलेज में उलमा की बैठक होगी। शहर में देवबंदी और बरेलवी मसलक के दो-दो शहरकाजी पहले से हैं। अब तंजीम उलमा अहले सुन्नत बरेलवी मसलक के एक और शहरकाजी की घोषणा करने जा रही है।
बता दें कि शहरकाजी कारी अब्दुल समी के इंतकाल के बाद शहरकाजी का विवाद बढ़ा था। उस वक्त बरेलवी मसलक में शहरकाजी मौलाना आलम रजा नूरी व शहरकाजी मौलाना रियाज अहमद हशमती दो शहरकाजी हो गए थे। देवबंदी मसलक में मुफ्ती मंजूर अहमद मजाहिरी ने मौलाना मतीन उल हक उसामा को कार्यवाहक शहरकाजी बनाया तो दूसरे खेमे ने हाफिज अब्दुल कुद्दूस के शहरकाजी होने की घोषणा कर दी थी।
शहरकाजी मौलाना मतीन उल हक उसामा के इंतकाल के बाद मुफ्ती मंजूर अहमद मजाहिरी के बेटे हाफिज मामूर अहमद शहरकाजी बनाए गए। इसके बाद शहरकाजी मौलाना आलम रजा नूरी के इंतकाल के बाद नायब शहरकाजी मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही को शहरकाजी बनाया गया था।