दस लाख बैंक खाते 'निराधार'
..... जागरण संवाददाता, कानपुर : बैंक खातों को आधार से लिंक करने के लिए केवल 22 दिन ही
जागरण संवाददाता, कानपुर : बैंक खातों को आधार से लिंक करने के लिए केवल 22 दिन ही शेष बचे हैं और जिले में दस लाख से अधिक खाते अभी भी निराधार हैं। लगातार समय बढ़ाए जाने के बाद भी कई लोगों ने अभी तक अपने खाते को आधार से लिंक नहीं कराया है। यह हालत तब है जब कई बैंकों ने अपने ग्राहकों को आधार बनवाने की सुविधा देने के लिए बैंक परिसर में आधार केंद्र खुलवा दिया।
जिले में इस समय करीब 45 लाख बैंक खाता धारक हैं। 31 मार्च 2018 तक सभी बैंक खातों को आधार से लिंक कराना अनिवार्य है। सरकार ने करीब डेढ़ वर्ष पहले यह आदेश जारी किया था और इसके बाद समय सीमा बढ़ती रही है। बैंकों ने प्रयास किए लेकिन अब तक सभी खाते आधार से लिंक नहीं हो पाए। अभी तक करीब 35 लाख खाते आधार से लिंक हो पाए हैं जबकि दस लाख खाताधारकों ने अपने आधार लिंक नहीं कराए। ऐसे में बैंकों ने अपने ग्राहकों को साफ कह दिया है कि वह अपने खाते को 31 मार्च तक आधार से लिंक करा लें अन्यथा खाते का संचालन रोक दिया जाएगा। इस संबंध में खाताधारकों को मेल और मैसेज के जरिये जानकारी दी जा रही है।
बैंकों ने लगाए आधार शिविर
बैंकों ने अपने खाताधारकों को आधार पंजीयन की सुविधा देने के लिए शाखाओं में आधार शिविर लगवाने शुरू कर दिए हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की पांडुनगर शाखा में आधार शिविर लगाया वहीं बैंक आफ बड़ौदा ने भी अपनी शाखाओं में आधार पंजीयन डेस्क बनवाई हैं।
मोबाइल में भी आधार जरूरी
मोबाइल कंपनियां भी अपने ग्राहकों को कोई भी कॉल करने से पहले मोबाइल नंबर को आधार से लिंक कराने की नसीहत दे रही हैं। मोबाइल नंबर का आधार से लिंक नहीं होने पर 31 मार्च के कंपनी सिम बंद कर सकती है।
''करीब अस्सी फीसद खाते आधार से लिंक हो गए हैं। बैंकों से डिटेल मांगी जा रही है। जल्द ही अन्य खाते भी आधार से लिंक हो जाएंगे। - केडी नौटियाल, लीड बैंक मैनेजर