कोरोना का कहर थमने की राह देख रहा शहर का एनवाई सिनेमा हॉल
हाॅलीवुड मूवी दैट मैन इन इंस्ताबुल इस टाकीज की पहली पिक्चर थी 53 वर्ष चलने के बाद हीर पैलेस 26 सितंबर 2019 को बंद हो गई इसे अजय देवगन की एनवाई सिनेमा ने मल्टीप्लेक्स बनाकर चलाने के अनुबंध के तहत लिया है
कानपुर, जेएनएन। शहर की खूबसूरत टॉकीज हीर पैलेस में अंतिम फिल्म प्रदर्शित हुए एक वर्ष पूरा हो गया। 26 सितंबर 2019 को यहां अंतिम फिल्म 'जोया फैक्टर और 'प्रस्थानम का प्रदर्शन हुआ था। इसे अजय देवगन की एनवाई सिनेमा ने मल्टीप्लेक्स बनाकर चलाने के अनुबंध के तहत लिया है। तीन हॉल के साथ इसे 14 नवंबर 2020 को दीपावली के दिन चलाने की योजना थी, लेकिन पहले नक्शे और बाद में कोरोना के चलते काम आगे नहीं बढ़ पाया। हीर पैलेस टाकीज का निर्माण 1966 में गाजीपुर के ठाकुर बीपी सिंह ने कराया था।
हाॅलीवुड मूवी दैट मैन इन इंस्ताबुल इस टाकीज की पहली पिक्चर थी। 53 वर्ष चलने के बाद हीर पैलेस 26 सितंबर 2019 को बंद हो गई थी। यहां अब थ्री स्क्रीन का मल्टीप्लेक्स बनाने की तैयारी है। बीपी सिंह के पुत्र एसके सिंह और एनके सिंह इस टाकीज का संचालन कर रहे थे। उनसे 2018 में एनवाई सिनेमा ने इस टॉकीज को चलाने का अनुबंध किया था। 2018 से ही इसका संचालन एनवाई सिनेमा कर रही है। 1098 सीटों वाले सिनेमाघर में अब सात सौ सीटें होंगी। ये सीटें भी तीन हाल में रहेंगी। इसका निर्माण पिछले वर्ष के अंत में शुरू होना था, लेकिन पहले सिंगल स्क्रीन को थ्री स्क्रीन में बदलने के लिए होने वाले बदलाव को लेकर नक्शा पास कराने में कुछ समय लग गया। इसके बाद जब कार्य शुरू होने का समय आया तब तक कोरोना महामारी आ गई। टाकीज के साझीदार एसके सिंह के मुताबिक हम सभी को कोरोना का प्रभाव कम होने का बेसब्री से इंतजार है ताकि यहां कार्य शुरू कर सकें।