आपके साथ ऐसा कुछ हो रहा तो सावधान हो जाएं, मदद के लिए कानपुर पुलिस ने की ये तैयारी
शहरवासियों को सतर्क करने के लिए कानपुर पुलिस ने सोशल मीडिया को हथियार बनाने का फैसला किया है।
कानपुर, जेएनएन। शहर में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सजग पुलिस ने नई पहल शुरू की है। अगर आपके साथ भी कुछ ऐसा हो रहा है तो सावधान हो जाएं और पुलिस से मदद की गुहार लगाएं। महिला सुरक्षा के साथ साइबर फ्रॉड को लेकर पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से जागरूकता अभियान चलाने का फैसला किया है।
ऐसा हो तो हो जाएं सतर्क
- कोई लगातार पीछा करता हुआ लगे तो सावधान हो जाएं और पुलिस को सूचना दें।
- घर पर लंबे वक्त तक ताला डालकर जाने पर पुलिस को बताएं।
- फोन पर अनजान व्यक्ति आपसे अकाउंट या आपके विषय में जानकारी मांगे तो पुलिस को जानकारी दें।
- नौकरी या शादी का झांसा देकर अकेले में मिलने या पैसे की डिमांड करे तो पुलिस की मदद लें।
- घर के पास अराजकतत्वों या संदिग्ध गतिविधियां दिखे तो पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दें।
- परिवार पर आपदा या लूट का भय दिखाकर जेवर उतारने का दबाव बनाए तो पुलिस से संपर्क करें।
- फेसबुक या ई-मेल पर अश्लील मैसेज या फोटो आने या हैक होने पर पुलिस की मदद लें।
- नौकर, किरायेदार और कर्मचारी को रखने से पहले सत्यापन के लिए पुलिस को जानकारी दें।
सोशल मीडिया को माध्यम बनाएगी कानपुर पुलिस
शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम कसने के लिए एसएसपी अनंत देव ने सोशल मीडिया को माध्यम के तौर पर प्रयोग करना शुरू कर दिया है। वे चिह्नित अपराधियों पर नजर रखने के लिए जहां एक अपराधी एक सिपाही स्कीम तो वहीं साइबर अपराध से लोगों को सतर्क करने के लिए सुरक्षा सर्वोपरि अभियान के माध्यम से सोशल मीडिया पर टिप्स जारी कर रहे हैं। इसके लिए 20 हजार डिजिटल वालिंटियर को सक्रिय किया गया है। साथ ही डिजिटल मीडिया, फेसबुक, ट्विटर और वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से भी लोगों को जागरूक करने की मुहिम चलाई जा रही है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप