विकास के सात साथियों के नौ शस्त्र लाइसेंस निरस्त
मंगलवार को जिलाधिकारी ने किया निरस्तीकरण
जागरण संवाददाता, कानपुर : बिकरू कांड के मुख्य अभियुक्त विकास दुबे से जुड़े लोगों पर प्रशासन की सख्ती जारी है। मंगलवार को जिलाधिकारी ने सात लोगों के नौ शस्त्र लाइसेंस निरस्त कर दिए।
एडीएम सिटी अतुल कुमार की रिपोर्ट पर बिकरू निवासी दीपक दुबे, श्रीकांत शुक्ल, रमेशचंद्र द्विवेदी, राकेश कुमार, रवींद्र कुमार के एक-एक और मदारीपुरवा निवासी सूरज सिंह व आशुतोष उर्फ शिव त्रिपाठी के दो-दो लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। बिकरू कांड के बाद पुलिस और खुफिया विभाग ने मिलकर बिकरू और आसपास के गांवों के शस्त्र लाइसेंस धारकों की लिस्ट तैयार की थी। इनमें से जो विकास दुबे के समर्थक माने जा रहे थे, उनके शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया चल रही है। अब तक डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के शस्त्र लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं।
चार के शस्त्र आवेदन निरस्त
एडीएम सिटी ने बताया कि इसके अलावा अन्य कारणों से कुलदीप मिश्रा, सत्यप्रकाश, गौरव दीक्षित और देवेंद्र सिंह के शस्त्र आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं।