नौतपा के लिए रहें तैयार, 25 मई से सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर बढ़ सकता है तापमान
Weather Report News मौसम में फिर बदलाव के आसार बन रहे हैं 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करने पर किरणें कर्क रेखा से गुजरते हुए सीधे पृथ्वी पड़ने से तापमान बढ़ सकता है। ऐसे में धूल भरी आंधी चलने की भी संभावना बनी है।
कानपुर, जागरण संवाददाता। बादलों की आवाजाही के कारण लोगों को गर्मी से भले ही कुछ राहत मिली हो, लेकिन 25 मई के बाद फिर नौ दिन तक लोगों को तेज धूप और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। इसे नौतपा कहा जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई से सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर रहा है और सूर्य की किरणें कर्क रेखा से गुजरते हुए पृथ्वी पर सीधी पड़ेंगी, जिससे तापमान बढ़ सकता है।
सीएसए के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 25 मई के आसपास पृथ्वी सूर्य का चक्कर लगाते हुए बिल्कुल केंद्र में आ जाती है। इसे सूर्य का रोहिणी नक्षत्र में आना कहते हैं। 14 दिन तक सूर्य इस नक्षत्र में रहता है और उसकी किरणें कर्क रेखा से गुजरते हुए सीधे पृथ्वी पर पड़ती हैं, जिससे पृथ्वी पर तापमान में इजाफा होता है। 14 दिन में से नौतपा की प्रक्रिया शुरुआत के नौ दिन तक मानी जाती है। इन दिनों उमस भरी भीषण गर्मी पड़ती है। ये दिन हर साल के सबसे गर्म दिन होते हैं। नौ में से शुरुआती छह दिन भीषण गर्मी के साथ उमस हो सकती है।
उन्होंने बताया कि ऐसा माना जाता है कि नौतपा बीतने के बाद सूरज की गर्मी का असर धीरे-धीरे कम होने लगता है। इस बार नौतपा 25 मई से दो जून तक हो सकता है। पूर्व में नौतपा के दौरान तापमान 40 डिग्री पार कर जाता था, लेकिन इस बार अप्रैल माह से ही तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा है। ऐसे में इस बार नौतपा के दौरान तापमान 45 डिग्री से भी ज्यादा होने के आसार हैं, लिहाजा लोगों को अपने स्वास्थ्य का खास ख्याल रखना होगा।
इस दौरान आंधी-तूफान आने की भी आशंका रहती है। यह भी कहा जाता है कि नौतपा में तेज गर्मी होने से मानसून के समय अच्छी बारिश होती है। अगर नौतपा के नौ दिनों में बारिश होने लगे तो इसे नौतपा का गलना मानते हैं। ऐसी स्थिति में माना जाता है कि मानसून में बारिश अच्छी नहीं होगी।