भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर जारी होगा सौ का सिक्का
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इस स्मारक सिक्के की डिजाइन तैयार की जा चुकी है। मुंबई टकसाल जल्द ही इसकी डाई बनाकर ढलाई शुरू कर सकती है।
कानपुर, जेएनएन। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 95वीं जन्मतिथि के पहले केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार उनको बड़ा सम्मान देने की तैयारी में हैं। 25 दिसंबर को उनके जन्मदिन पर उत्तर प्रदेश के साथ ही देश में हजारों करोड़ की परियोजना का शिलान्यास व लोकार्पण होगा।
इसी कड़ी में भारत सरकार ने उनकी स्मृति में सिक्का जारी करने की घोषणा की है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग ने कल ही इसका गजट नोटीफिकेशन कर दिया है। स्मारक सिक्के को सौ रुपये के मूल्य वर्ग में रखा गया है, हालांकि यह सिक्के प्रचलन में नहीं आएंगे। इन्हें 3300 से 3500 रुपये की प्रीमियम दरों पर बेचा जाएगा।
वित्त मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के इस स्मारक सिक्के की डिजाइन तैयार की जा चुकी है। मुंबई टकसाल जल्द ही इसकी डाई बनाकर ढलाई शुरू कर सकती है। 35 ग्राम के इस सिक्के में 50 फीसद चांदी, 40 फीसद तांबा, पांच फीसद निकिल और पांच फीसद जस्ता होगा। इस सिक्के के एक पहलू पर अटलजी का चित्र, उनका जन्म वर्ष 1924, मृत्यु वर्ष 2018 और ङ्क्षहदी और अंग्रेजी में उनका पूरा नाम अंकित होगा।
यह नोटीफिकेशन संयुक्त सचिव प्रशांत गोयल ने जारी किया है। न्यूमिसमेटीस्ट सुधीर लूणावत का कहना है कि सौ रुपये का यह सिक्का प्रचलन में नहीं आएगा। भारत सरकार सिक्के की बुकिंग के लिए समय निर्धारित करेगी और इसे प्रीमियम दरों पर बेचेगी। इसे टकसाल से सीधे भी खरीदा जा सकेगा। इसका मूल्य 3300-3500 रुपये रहने का उम्मीद है।