नगर निगम ने सांसद आवास के पास अवैध कब्रिस्तान की दीवार गिराई, दस्ते के सामने आई महिलाएं
कानपुर नगर निगम शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रहा है। गुरुवार को सांसद सत्यदेव पचौरी के आवास के पास स्थित कब्रिस्तान की दीवार के साथ नाले पर बने पक्के निर्माण ढहा दिए गए ।
कानपुर, जागरण संवाददाता। भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी के आवास के पास स्थित कब्रिस्तान की दीवार के साथ नाले पर बने पक्के निर्माण ढहा दिए गए। इस दौरान महिलाओं ने दस्ते को घेर लिया और विरोध शुरू कर दिया। बाद में महिला पुलिस ने विरोध करने वाली महिलाओं को हटाया। इसके बाद दस्ते ने सभी कब्जे हटा दिए।
जोनल प्रभारी विनय सिंह की अगुवाई में दस्ता काकादेव स्थित नवीन नगर पहुंचा। दस्ते को आता देख महिलाओं ने विरोध शुरू कर दिया। महिलाएं दस्ते के अफसरों व कर्मचारियों से भिड़ गईं। इसके बाद महिला पुलिस ने विरोध कर रहीं महिलाओं को खदेड़ा। दस्ते ने कब्रिस्तान की अवैध दीवार बुलडोजर से ढहा दी। इसके अलावा नाले पर बने कई पक्के रिहायसी कब्जों को गिराया गया। भारी फोर्स के चलते लोग विरोध करने के बजाए सामान हटाने में जुटे रहे। इस दौरान दस्ते ने 20 पक्के मकान और सात अस्थायी झोपड़ियां गिरा दीं।
कर अधीक्षक प्रीतम वर्मा, दस्ते के सूबेदार लक्ष्मण सिंह, अवधेश सिंह, वीरेंद्र स्वरूप आदि मौजूद रहे। वहीं, मुर्गा मंडी में एक दुकानदार द्वारा अपनी दुकान के आगे आरसीसी के खंभे उठाकर अवैध कब्जा किया जा रहा था, जिसको नगर निगम ने तुड़वा दिया।