बिना बताए कार से निकले थे चाचा-भतीजा, फर्रुखाबाद में पड़े मिले उनके शव
परिजनों को नहीं मालूम कि दोनों कहां गए थे। सड़क पर खड़ी कार के अंदर से खून से सना कपड़ा मिला है। उसका एक पहिया पंचर था और जैक भी लगा था।पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन की।
कानपुर (जेएनएन)। फर्रुखाबाद में जहानगंज-छिबरामऊ मार्ग पर सोमवार की सुबह कार सवार चाचा-भतीजे की हत्या कर दी गई। बीच सड़क पर खड़ी कार और दो शवों को पड़ा देखकर लोगों में सनसनी फैल गई। मौके पर एसपी ने फोर्स के साथ पहुंचकर छानबीन की और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। दोनों कन्नौज के रहने वाले बताए गए हैं और घर से बिना बताए निकले थे। परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। फिलहाल अभी हादसे और हत्या को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सोमवार की सुबह बहोरिकपुर के पास काली नदी के बीच सड़क के किनारे कार के आगे व पीछे दो युवकों के शव पड़े मिले। दोनों की शिनाख्त अनिल कुमार (30) पुत्र जाहर सिंह व गोधन सिंह (20) पुत्र स्व. प्रताप सिंह निवासी टढ़ारायपुर थाना सौरिख जिला कन्नौज के रूप में हुई। दोनों के बीच चाचा-भतीजा का रिश्ता था। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि बिना कुछ बताए दोनों कार से रविवार शाम को चार बजे गए थे। किसी को नहीं मालूम कि दोनों कहां गए थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा, अपर पुलिस अधीक्षक त्रिभुवन सिंह व थानाध्यक्ष संजीव सिंह राठौर मौके पर पहुंच गए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल की छानबीन की। सड़क किनारे खड़ी कार के अंदर से खून से सना एक कपड़ा भी मिला है। उसका एक पहिया पंचर था और जेक लगा था। माना जा रहा है कि हत्यारों ने घटना को हादसे का रूप देने का प्रयास किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। सभी बिंदुओं पर गहराई से जांच की जा रही है।