विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

क्रिकेट की पिच पर खून खराबा: बॉलर ने किया बोल्ड तो बैट्समैन ने कर डाली गेंदबाज की हत्या, जानें पूरा मामला

By Jagran NewsEdited By: Nitesh Srivastava
Published: Tue, 20 Jun 2023 10:56 AM (IST)

10 रुपये की शर्त लगाकर मैच खेला जा रहा था। दूसरी टीम में गांव के ही महेंद्र का बेटा हरगोविंद ...और पढ़ें

क्रिकेट मैच में बोल्ड किया तो गेंद फेंक रहे किशोर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)
क्रिकेट मैच में बोल्ड किया तो गेंद फेंक रहे किशोर की हत्या (प्रतीकात्मक तस्वीर)

 संवाद सहयोगी, घाटमपुर: 10 रुपये की शर्त लगाकर खेले जा रहे क्रिकेट मैच में बोल्ड करने पर गेंद फेंक रहे किशोर की पिच पर ही गला दबाकर हत्या कर दी गई। आरोपित बैट्समैन ने भाइयों संग हत्या को अंजाम दिया। मामला कोतवाली क्षेत्र के रहटी खालसा बंजारन डेरा का है।

हत्या के बाद स्वजन ने शव उठाने से इन्कार कर दिया और जिलाधिकारी को बुलाने की मांग करने लगे। पुलिस के काफी समझाने के बाद वे माने और आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी।कोतवाली क्षेत्र के रहटी खालसा गांव निवासी मोहन सिंह फेरी लगाने का काम करते हैं। उनका 15 साल का बेटा सचिन उर्फ गोलू सोमवार शाम को गांव के बाहर खेत में क्रिकेट खेल रहा था।

10 रुपये की शर्त लगाकर मैच खेला जा रहा था। दूसरी टीम में गांव के ही महेंद्र का बेटा हरगोविंद था। इस दौरान सचिन ने हरगोविंद को बोल्ड कर दिया, लेकिन हरगोविंद ने आउट मानने से इन्कार करने दिया। इस पर झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि हरगोविंद ने अपने भाई ब्रजेश के साथ मिलकर सचिन को जमकर पीटा और गला दबा दिया।

इससे सचिन अचेत होकर गिर पड़ा। यह देख मैच खेल रहे बच्चे घबरा गए और सचिन के घर पर सूचना दी। आनन-फानन में स्वजन सचिन को लेकर घाटमपुर सीएचसी पहुंचे। यहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद स्वजन शव लेकर वापस लौट गए। सूचना मिलने पर कोतवाली प्रभारी विक्रम सिंह भी फोर्स लेकर पहुंचे और पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में लेने का प्रयास किया।

स्वजन ने शव उठाने का विरोध करते हुए जिलाधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। करीब चार घंटे तक पुलिस के समझाने के बाद स्वजन माने और आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह ने बताया कि दो सगे भाइयों के खिलाफ तहरीर मिली है। आरोपित फरार हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।