Monkey Attack In Etawah : बंदरों का नहीं थम रहा आतंक, हमले में छत से गिरी महिला ने तोड़ा दम
Monkey Attack In Etawah इटावा के जसवंतनगर में बंदरों के झुंड ने महिला पर हमला कर दिया। हमले में महिला की गिरने से मौत हो गई। बंदरों पहले भी कई लोगों की जान ले चुके है। जबकि कई लोगों को काट कर घायल भी कर चुके है।
इटावा, जागरण संवाददाता। Monkey Attack In Etawah जसवंतनगर में बंदरों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है। बुधवार रात लुधपुरा मोहल्ले में बंदरों के हमले से एक महिला छत से नीचे आ गिरी और जान चली गई। एक पखवाड़े पूर्व भी इसी मोहल्ले में एक वृद्धा की बंदरों के हमले में जान चली गई थी।
मोहल्ला लुधपुरा निवासी कमाल खां कारपेंटर का काम करते हैं। बुधवार की शाम उनकी 57 वर्षीय पत्नी मुन्नी बेगम मकान की तीसरी मंजिल की छत पर कपड़े लेने गई थीं। इसी दौरान बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया।
इस कारण वह दौड़ी और असंतुलित होकर अपनी छत से पड़ोसी जलालुद्दीन के एक मंजिला छत पर जा गिरीं। सिर में गंभीर चोट गई। स्वजन ने उनको उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय सैफ़ई में भर्ती कराया, लेकिन हालत चिंताजनक होने पर उनको आगरा जाते समय रात करीब दो बजे रास्ते में मृत्यु हो गई।
15 दिन पहले इसी मोहल्ले की 65 वर्षीय जमीला बेगम पत्नी शब्बीर की भी बंदरों के झुंड के हमले से मृत्यु हो गई थी। नगर वासियों का कहना है कि लोग बंदरों के आतंक से परेशान हैं। बंदरों के झुंड आए दिन हमला कर लोगों को घायल कर देते हैं।
बंदरों मुसीबत का सबब बने हुए हैं। उनके उत्पात से लोगों की जान पर भी बन आई है। वे लोगों के घरों व दुकानों में घुसकर खाद्य वस्तुओं को चट कर रहे हैं और साथ ही अन्य सामान को तोड़फोड़ कर लोगों को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
राहगीरों, स्कूली बच्चों सहित महिलाओं, बुजुर्गों पर हमला कर घायल कर रहे हैं। क्षेत्र में अभी तक दर्जनों लोग घायल हो चुके हैं। लोगों ने नगर पालिका और वन विभाग से बंदरों को पकड़वाने की मांग की है।