घर में घुसकर दो युवकों ने महिला की अस्मत लूटी, बेटा जागा तो धक्का देकर भागे
कोरियां चौकी क्षेत्र के गांव में रात के समय घर के अंदर मां-बेटे सो रहे थे इसी बीच दो युवक घुस आए और महिला को बदनीयती से दबोचकर दुष्कर्म किया। आहट सुनकर बेटा जाग गया और विरोध किया तो दोनों युवक दरवाजे से भाग निकले।
कानपुर, जेएनएन। बिधनू में महिला से सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है, घर में रात के समय दो युवकों ने महिला की अस्मत लूटी। नींद से जागे बेटे के विरोध करने पर धक्का देकर भाग गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके उनकी तलाश शुरू की है।
कोरियां चौकी क्षेत्र में घर में मास्क लगाकर दो युवक घुस आए और कमरे में सो रही 45 वर्षीय महिला का मुंह दबाकर दबोच लिया। इसके बाद दोनों बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। अचानक चीख पुकार सुनकर दूसरे कमरे में सो रहा 22 वर्षीय बेटा जाग गया। वह कमरे में पहुंचा तो मां की हालत देखकर सन्न रह गया। विरोध पर दोनों युवक उसे धक्का मारते हुए मुख्य दरवाजे से भाग निकले।
महिला के मुताबिक पति से अनबन होने के चलते वह कई सालों से बेटे के साथ रहती हैं, पति हमीरपुर में रहते हैं। उसने पुलिस को बताया कि मंगलवार सुबह मास्क लगाए दो युवक छत के रास्ते घर में घुसे और उससे दुष्कर्म किया। थाना प्रभारी पुष्पराज सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे।