कानपुर में दुष्कर्म के प्रयास के मामले में आरोपित ने गवाह से की मारपीट, जान से मारने की दी धमकी
चकेरी निवासी किशोरी से जनवरी 2018 में आरोपितों ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। जिस मामले में किशोरी की मां और मौसी गवाह थीं। इस बीच जनवरी 2020 में आरोपितों ने पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें आरोपितों ने पीड़िता की मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी।
कानपुर, जेएनएन। चकेरी में किशोरी से दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ के मामले में गवाह से आरोपितों ने मारपीट की और गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीडि़ता ने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में आरोपित पहले ही किशोरी की मां की हत्या कर चुके हैं। वहीं आरोपितों के डर से पीड़ित परिवार अपना घर छोड़ने को मजबूर हो गया है।
चकेरी निवासी किशोरी से जनवरी 2018 में आरोपितों ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। जिस मामले में किशोरी की मां और मौसी गवाह थीं। इस बीच जनवरी 2020 में आरोपितों ने पीड़ित परिवार पर जानलेवा हमला कर दिया। जिसमें आरोपितों ने पीड़िता की मां की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। जबकि उसकी मौसी गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। घटना के बाद पीड़िता परिवार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपितों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस हत्या के मुकदमें में नामजद आरोपितों को जेल भेज चुकी है। किशोरी की मौसी का आरोप है कि आरोपित के स्वजन उन पर लगातार दोनों मुकदमों को वापस लेने और गवाही नहीं देने का दवाब बना रहे है। बीते मार्च माह में भी न्यायालय में आरोपितों के स्वजनों ने उनसे मारपीट की थी। जिसकी रिपोर्ट उन्होंने कोतवाली थाने में दर्ज कराई थी। जिसके बाद आरोपितों पर कार्रवाई नहीं होने पर उनके हौसले बुलंद है। इस बीच दो जून को आरोपितों के रिश्तेदार साकिब, राजा, विक्की, फिरोज ने घर में घुसकर मारपीट की। साथ ही मुकदमा वापस नहीं लेने और गवाही देने पर बहन जैसा हाल करने की धमकी दी। आरोपितों के डर से वह मजबूरन दूसरी जगह किराए का मकान लेकर परिवार के साथ रह रही है। थाना प्रभारी दधिबल तिवारी ने बताया कि पीडि़ता की तहरीर पर आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।