कन्नौज में दर्दनाक हादसा, आंधी से बचने को पेड़ के नीचे खड़ा था किशोर, कोठरी ढहने से मलबे में दबकर मौत
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के परसपुर गांव निवासी सोबरन लाल का 14 वर्षीय पुत्र विकास राजपूत कक्षा नौ में पड़ता था। सोमवार को वह साइकिल से बाजार गया था। लौटते समय करीब शाम पांच बजे तेज आंधी आई थी।
कन्नौज, जेएनएन। आंधी में आम का पेड़ फटकर ट्यूबवेल की कोठरी पर गिर पड़ा। इससे कोठरी ढह गई। कोठरी में खड़ा किशोर दब गया और दबकर मौत हो गई। मलबा हटाते समय शव मिला तब मौत की जानकारी हुई।
इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के परसपुर गांव निवासी सोबरन लाल का 14 वर्षीय पुत्र विकास राजपूत कक्षा नौ में पड़ता था। सोमवार को वह साइकिल से बाजार गया था। लौटते समय करीब शाम पांच बजे तेज आंधी आई थी। इससे बचने के लिए वह रास्ते में गांव के बाहर एक ट्यूबवेल की कोठरी के नीचे खड़ा हो गया। इस बीच तेज आंधी में आम का पेड़ फटकर कोठरी के ऊपर गिर पड़ा। इससे कोठरी ढह गई। मलबे में विकास दब गया और मौत हो गई। देर शाम तक जब विकास घर नहीं पहुंचा तो स्वजन ने तलाश की। इस बीच देर रात को ग्रामीण ने कोठरी का मलबा साफ किया, तो विकास का शव दबा मिला। इससे घटना की जानकारी हुई। तहसीलदार अनिल कुमार सरोज पहुंचे और जांच की। स्वजन को मुआवजा देने का भरोसा दिया। ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा ने भी मुख्यमंत्री स्तर से मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इंदरगढ़ प्रभारी थानाध्यक्ष मोहम्मद तौकीर ने बताया कि पिता की सूचना पर रिपोर्ट दर्ज की है।