शहर में अनोखा प्रदर्शन, मरहम-पट्टी और हाथ में प्लास्टर चढ़ा सड़क पर उतरे लोग Kanpur News
प्रदर्शनकारी बोले अब सड़क के नाम पर नहीं देंगे वोट।
कानपुर, जेएनएन। उत्तर प्रदेश प्रांतीय व्यापार मंडल के तत्वावधान में व्यापारियों ने मंगलवार को अनोखा प्रदर्शन किया। सड़क पर उतरे व्यापारियों ने ऐसी मरहम-पट्टी कराई थी जैसे मानों गंभीर चोट लगी है। वहीं कुछ व्यापारी हाथ में प्लास्टर चढ़वाकर विरोध व्यक्त कर रहे थे। व्यापारियों ने कहा, खूनी सड़कों ने बहुत दी चोट अब नहीं मिलेगा वोट। उन्होंने शहर में टूटी और खूनी हो चुकी सड़कों को लेकर आक्रोश जताया और सरकार से सड़क निर्माण की मांग की।
उत्तर प्रदेश प्रान्तीय व्यापार मण्डल के तत्वाधान में ट्रांसपोर्ट नगर व जूही में गड्ढायुक्त और टूटी सड़कों को लेकर व्यापारियों ने विरोध जताया। मंगलवार को व्यापारियों ने प्रतीकात्मक मरहम पट्टी, बैंडेज और प्लास्टर लगाकर गांधीवादी प्रदर्शन किया। प्रदेश अध्यक्ष अभिमन्यु गुप्ता ने कहा की व्यापारी, कर्मचारी, मजदूर और हर नागरिक खतरनाक सड़क से बुरी तरह परेशान है। सड़कों पर रोजाना चुटहिल हो रहे हैं, वहीं दो पहिया वाहन सवार रीढ़ की हड्डी रोग की चपेट में आ रहे हैं। मुख्यमंत्री द्वारा 30 नवंबर तक सभी मार्गों को गढ्ढा मुक्त बनाने की घोषणा अब फिर से जुमला ही सांबित होता नजर आ रहा है।
कहा, कानपुर सबसे ज़्यादा राजस्व देता है लेकिन यहां के लोग ही सुविधाओं के लिए तरस रहे है। कानपुर नगर अध्यक्ष जीतेन्द्र जायसवाल ने कहा की शहर में टूटी गढ्ढेदार खूनी सड़कों पर चलना दूभर है। नगर मंत्री गौरव बकसारिया ने कहा कि ट्रांसपोर्ट नगर व जूही का व्यापारी कई बार शिकायत कर चुका है लेकिन अफसरों पर कोई असर नहीं है। व्यापारियों ने गीत गाते हुए कहा कि टूटी खूनी सड़कों ने बहुत दी चोट, सड़क के नाम पर नहीं मिलेगा वोट।