अयोध्या मुद्दे पर कोर्ट के फैसले का इंतजार हो : मणिशंकर पांडेय
शहर आए लोकजन शक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, अदालत के फैसले के बगैर कुछ नहीं हो सकता।
कानपुर, जेएनएन। लोकजन शक्ति पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मणिशंकर पांडेय ने कहा है कि अयोध्या मुद्दे पर जल्दबाजी नहीं करनी चाहिये। सभी को सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करना होगा। कोर्ट का फैसला आने से पहले कोई भी सरकार कुछ नहीं कर सकती है। राम मंदिर में सभी की आस्था है लेकिन अदालत का फैसला आने से पहले कुछ भी नहीं हो सकता है।
सोमवार की सुबह मूलगंज स्थित एक होटल में पत्रकार वार्ता में लोजशपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मतदाता सूची में लोगों के नाम एक साजि़श के तहत शामिल नहीं किये जा रहे हैं। जल्द ही घनी आबादी का सर्वे करके इसकी सूची तैयार की जाएगी। कहा कि यूपी में कानून व्यवस्था की स्थिति कुछ ठीक हुई है लेकिन अभी पूरी तरह नहीं। कई जगह पर अपराध बढ़े हैं और अपराधी बेलगाम हैं।
उन्होंने कहा कि जल्द ही पार्टी के संगठन को मजबूत करने के लिए बूथ स्तर पर अभियान चलाया जाएगा। कहा, दो राष्ट्रीय स्तर की राजनीतिक पार्टियां अपने प्रमुख मुद्दों से ही भटक गई है और लोगों की भावनाएं भड़काकर कुर्सी पाना चाहती है। लोक जनशक्ति पार्टी का मुद्दा विकास का है। प्रदेश अध्यक्ष के शहर आगमन पर प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी अबरार अहमद आदि ने स्वागत किया।