कन्नौज : खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंचा युवक बोला- मैंने अपने भांजे की हत्या कर दी है साहब
कन्नौज में सौरिख थाना क्षेत्र के गांव में ननिहाल में रहने वाले भांजे की हत्या के बाद मामा खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर थाने पहुंच गया और आत्मसमर्पण की बात कही। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद कार्रवाई की है।
कन्नौज, जागरण संवाददाता। सोमवार की सुबह खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर युवक जब थाने पहुंचा तो पुलिसकर्मी उसे देखकर हैरान रह गए। युवक ने बताया कि उसने अपने भांजे की हत्या कर दी है और अब वह सरेंडर करना चाहता है। पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल हिरासत में लिया और अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पुलिस अधिकारियों ने पहुंचकर घटना की जांच की हैं।
सोमवार सुबह सौरिख थाने में ग्राम दरिया नगला निवासी सूरजपाल पुत्र गोवर्धनलाल हाथ में खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा। उसने थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता को बताया कि उसने अपने भांजे सुनील कुमार पुत्र भीखम सिंह निवासी ग्राम गोपालपुर थाना एलाऊ जनपद मैनपुरी की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है। भांजा बचपन से उनके पास ही रह रहा है जबकि उसके पिता भीकम सिंह पत्नी की हत्या में जिला कारागार अनौगी में बंद है। इस समय उनकी तबीयत खराब चल रही है और वह कानपुर के हैलट अस्पताल में भर्ती हैं। वह कानपुर जाना चाहता था लेकिन भांजे ने उसे रोक दिया।
इसके चलते उसने भांजे की हत्या कर दी अब वह सरेंडर करना चाहता है। थानाध्यक्ष ने तत्काल सूरजपाल को हिरासत में लिया और घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। मौके पर पुलिस अधीक्षक प्रशांत वर्मा, सीओ छिबरामऊ शिव कुमार थापा, थानाध्यक्ष मदन गोपाल गुप्ता पुलिस बल के बाद साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो घर में सुनील कुमार का खून से लथपथ सब पड़ा था। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया है। एसपी ने बताया की घटना की जांच की जा रही है। हत्यारोपी से पूछताछ की जाएगी।